Vistaar NEWS

Damoh News: दमोह में भालू का आतंक, आदिवासी युवक पर किया जानलेवा हमला, फॉरेस्ट विभाग ने की मदद

Damoh Bear Attack

दमोह में आदिवासी युवक पर भालू ने किय हमला

Damoh News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में भालू के हमले की घटना सामने आई है. हटा वन परिक्षेत्र के दूल्हादेव इलाके में एक भालू ने बिहारी आदिवासी पर पीछे से जानलेवा हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. भालू के हमले में बिहारी आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गया.घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को इलाज के लिए बटियागढ़ अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने पर उन्हें दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. घायल के शरीर पर भालू के हमले के कारण कई जगह चोटें आई हैं.

जंगल से लौटते समय भालू ने किया हमला

घायल बिहारी आदिवासी के अनुसार, वह कुंडा झनझन के जंगली इलाके में गया हुआ था. काम पूरा करने के बाद वह वापस घर लौट रहा था. इसी दौरान दूल्हादेव के पास अचानक पीछे से भालू ने हमला कर दिया. हमला इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला. उन्होंने किसी तरह भालू से बचकर अपनी जान बचाई. इसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी गई. लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया.

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी अभिलाष उदेनिया जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल बिहारी आदिवासी से मुलाकात की और उनका हाल जाना. पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटना की जानकारी जुटाई. अधिकारियों ने वन्यप्राणी हमले से जुड़े प्रचलित विभागीय प्रावधानों के तहत कार्रवाई की. घायल को तत्काल एक हजार रुपये की नगद सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई.

ये भी पढ़ें-Morena: 60 हजार का इनामी बदमाश कल्ली गुर्जर फिर पुलिस को दे रहा चकमा, जंगलों में सर्चिंग जारी

ग्रामीणों में दहशत

भालू के हमले के बाद दूल्हादेव और आसपास के ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल है. ग्रामीणों को अब जंगल की तरफ जाने में डर लग रहा है. लोगों का कहना है कि जंगली इलाके में भालू की मौजूदगी से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है.

Exit mobile version