Kinnar Akhada Mahamandaleshwar Sanjana Votes: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 अप्रैल को मतदान हुए थे. जिसकी गिनती आज सोमवार, यानी 3 अगस्त को हुई. अब तक के रुझानों में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से 12,000 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं. यह परिणाम 11 राउंड की गिनती है, जबकि कुल 15 राउंड गिनती होना है. दतिया उपचुनाव में नामांकन के दौरान एक नाम खूब सुर्खियों में रहा. वो है किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर संजना सिंह का. संजना भी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमाने उतरी थीं. यहां जानें संजना सिंह को कितने वोट मिले?
भोपाल की रहने वाली किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर संजना सिंह (संजना नंद गिरि) ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले में एंट्री ली, तो ऐसा लगा कि भाजपा-कांग्रेस के बाद तीसरे प्रत्याशी के रूप में जनता का आशीर्वाद मिल सकता है, लेकिन परिणाम से बिल्कुल अलग निकले. हालांकि, अभी वोटों की गिनती जारी है, लेकिन अभी तक संजना को सिर्फ और सिर्फ 106 वोट मिले. यानी संजना नंद गिरि अपनी जमानत तक नहीं बचा पाई.
सरकारी नौकरी पाने वाली पहली किन्नर
दतिया उपचुनाव में नामांकन दाखिल करने के बाद संजना ने कहा था कि चुनाव लड़ने का उद्देश्य समाज की किन्नरों के प्रति सोच बदलना और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना है. संजना पहली ऐसी ट्रांसजेंडर हैं, जिन्होंने सरकारी नौकरी पाई थी. हालांकि बाद में उन्होंने नौकरी छोड़ दिया और किन्नर अखाड़े का दामन थामा. इसके बाद उन्होंने महामंडलेश्वर की उपाधि प्राप्त की.
ये भी पढ़ेंः दतिया में कांग्रेस को बड़ी बढ़त, नरोत्तम मिश्रा बोले-जीत तो भाजपा की ही होगी
किसे कितने मत मिले?
11वें राउंड की गिनती तक कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को 54169 वोट, भाजपा के आशुतोष को 41948 वोट तो वहीं तीसरे नंबर पर आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव को 15028 वोट मिले. कांग्रेस प्रत्याशी 12221 वोटों की लीड बनाए हुए हैं. जबकि संजना गिरि को नोटा से भी कम वोट मिले हैं. नोटा को 374 वोट मिला है. अब लगभग कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय मानी जा रही है.
