Road Accident in MP: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में NH-719 पर भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है. ये हादसा इतना भयानक था कि इसमें 8 मजदूरों की मौत हो गई है, वहीं करीब 32 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं. ये हादसा सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हुआ. जानकारी के मुताबकि रात करीब 1 बजे छीमका गांव के पास पिकअप और डंपर (Pickup-Dumper Collision) की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई.
गायों के झुंड को बचाने के दौरान हुआ हादसा
प्राथमिक जांच में पता चला है कि हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के दौरान यह हादसा हुआ हैं. जानकारी के अनुसार, मजदूर लखीमपुर खीरी जिले ( उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे, जो धान रोपाई का काम करने आए थे और काम होने के बाद घर लौट रहे थे. देर रात पिकअप की भी रफ्तार तेज थी. जब पिकअप छीमका गांव के नजदीक पहुंची, तभी सामने से आ रहे डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई.
मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया. वहीं मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया. पुलिस उनकी शिनाख्त में जुटी हुई है. हादसे के बाद जाम जैसे हालात हो गए और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे किनारे लगाकर यातायात शुरू किया.
थाना इंचार्ज ने दी जानकारी
हादसे के बारे में जानकारी देते हुए भिंड जिले के गोहद चौराहा थाने के इंचार्ज रामनरेश यादव ने बताया कि नेशनल हाईवे-719 पर आधी रात के करीब यह हादसा हुआ था. पिकअप में सवार मजदूर धान की रोपाई का काम करने आए थे और काम करके लौट रहे थे, तभी डंपर से टक्कर हो गई. कई पीड़ितों के परिवारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है. जैसे-जैसे लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं, उनकी और जानकारी मिल रही है.
ये भी पढ़ें: MP News: जबलपुर धान परिवहन घोटाला, हाई कोर्ट ने दिए राज्यस्तरीय जांच के आदेश, सभी कलेक्टर्स से मांगी रिपोर्ट
