Gwalior News: एमपी के ग्वालियर में अवैध बांग्लादेशी नागरिक (Illegal Bangaleshi Citizens) पहचान छिपाकर रह रहे थे. मध्य प्रदेश पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बीते 3-4 अगस्त को शहर के अलग-अलग इलाको में सर्च ऑपरेशन चलाकर चार बच्चों समेत 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया था. अब पुलिस इन सभी को सुरक्षा घेरे में लेकर डिपोर्ट करने के लिए बाग्लादेश बॉर्डर के लिए रवाना हो गई हैं.
करीब 20 दिनों तक चली पूछताछ
पुलिस की विशेष टीम ने इन सभी गिरफ्तार बांग्लादेशी घुसपैठियों से करीब 20 दिनों तक सघन पूछताछ की और दस्तावेजों का सत्यापन किया. इसके बाद पुलिस सोमवार देर रात सभी को लेकर बांग्लादेश बॉर्डर के लिए रवाना हुई. बांग्लादेश की सीमा पर पहुंच जाने के बाद प्रक्रिया, पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें बांग्लादेश भेजा जाएगा.
गिरफ्तारी के बारे में दी जानकारी
इन सभी की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए क्राइम ब्रांच के डीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया था कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के ग्वालियर में रह रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने सभी चिह्नित स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की और इन सभी हो हिरासत में लिया गया.
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोग लंबे समय से शहर के अलग-अलग इलाकों में झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे. इनमें कुछ पति-पत्नी और उनके बच्चे भी हैं.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद चलाया जा रहा अभियान
गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद गृह मंत्रालय के निर्देश पर पूरे देश में संदिग्ध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें उनके देश वापस भेजने का अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत ग्वालियर पुलिस ने इन घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें उनके देश वापस भेजने की कार्रवाई की है. इससे पहले भी ग्वालियर के अलावा मध्य प्रदेश और भी कई शहरों से संदिग्ध घुसपैठियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
ये भी पढ़ें: जयपुर में CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका के साथ मारपीट, ग्रामीणों ने गाड़ियों पर किया पथराव
