मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी. वहीं अब वह एक बार फिर से मध्य प्रदेश के दौरे पर आने वाले हैं. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का ये 15 दिनों के भीतर दूसरा एमपी का दौरा होगा. जानकारी के मुताबिक, अमित शाह 12 अक्टूबर को ग्वालियर आ रहे हैं. उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां भी तेज कर दी हैं.
अमित शाह के दौरे को लेकर तैयारियां शुरू
इस दौरे के बारे में मिनिस्ट्री आफ होम अफेयर्स में पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग को जानकारी दे दी है. साथ ही सिक्योरिटी प्रोटोकॉल और वीआईपी बंदोबस्त को लेकर तैयारियां शुरू करने के लिए निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं. दूसरी तरफ ग्वालियर के साडा क्षेत्र में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन के भूमिपूजन समारोह की तैयारियां जिला प्रशासन और राज्य सरकार ने तेज कर दी हैं.
मेला ग्राउंड में होगा विशाल कार्यक्रम
12 अक्टूबर को मेला ग्राउंड में होने वाले समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शामिल होने का प्रस्ताव है. आयोजन की मेजबानी साडा के साथ मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) को सौंपी गई है.
मेला ग्राउंड में करीब 60 मीटर चौड़ा और 300 मीटर लंबा, यानी लगभग 18 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में मुख्य जर्मन हैंगर डोम तैयार किया जाएगा. डोम के भीतर अमित शाह और मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत बैठकों व ब्रीफिंग के लिए विशेष ‘वन-टू-वन रूम’ बनाया जाएगा.
फायर सेफ्टी उपकरणों की व्यवस्था
इतना ही नहीं, मुख्य सभागार में 425 वीआईपी और 2,575 सामान्य अतिथियों, यानी 3 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी. मुख्य डोम के अलावा दोनों ओर अतिरिक्त हैंगर भी लगाए जाएंगे. एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, सुरक्षा प्रकाश, आपातकालीन निकास और फायर सेफ्टी उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ में 1 से 3 नवंबर तक चलेगा राज्योत्सव, मुख्य सचिव ने की स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा
