मुरैना/मनोज शर्मा: मुरैना जिले के जौरा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-3 में निःशुल्क वितरण के लिए रखी गई शासकीय किताबें संदिग्ध परिस्थितियों में ई-रिक्शा में ले जाते हुए पकड़े जाने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही बीआरसी राजीव जादौन के निर्देश पर बीएसी रोहित श्रीवास मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा में रखी सभी किताबों को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवा दिया.
बच्चों तक कैसे पहुंची चाबी?
जानकारी के अनुसार घटना शासकीय अवकाश के दिन की है. मौके पर दो बच्चे और ई-रिक्शा चालक मौजूद मिले. मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि अवकाश के दिन विद्यालय की चाबी बच्चों तक कैसे पहुंची और आखिर किसके निर्देश पर निःशुल्क वितरण के लिए रखी गई किताबें विद्यालय से बाहर निकाली जा रही थीं.
शिक्षा विभाग तक पहुंची सूचना
सूत्रों के अनुसार किताबों को ई-रिक्शा के माध्यम से कहीं ले जाया जा रहा था, तभी सूचना शिक्षा विभाग तक पहुंची. विभागीय अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किताबों को सुरक्षित रखवा दिया. फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. बीआरसी राजीव जादौन ने बताया कि सूचना मिलने पर बीएसी को मौके पर भेजा गया था.
मामले की जांच जारी
ई-रिक्शा में शासकीय किताबें मिली हैं, जिन्हें सुरक्षित रखवा दिया गया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. जांच में यदि किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी.अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि निःशुल्क शासकीय किताबें विद्यालय से बाहर कैसे पहुंचीं और इसके पीछे आखिर कौन जिम्मेदार है.
ये भी पढ़ेंः ‘IAS का सपना रह गया अधूरा, भगवान ऐसी पत्नी…’, 5 पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर दी जान, UPSC की तैयारी कर रहा था युवक
