Vistaar NEWS

Morena: स्कूल में नहीं है थाली, हाथों में रोटी देकर परोसा जा रहा मिड-डे मील! युवक ने कलेक्टर से की शिकायत

Morena News

मिड-डे मील

इनपुट-मनोज शर्मा

Morena: मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मिड-डे मील योजना पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. मुरैना जिले के पोरसा विकासखंड स्थित शासकीय विद्यालय रैपुरा में बच्चों को भोजन परोसने के तरीके को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है. आरोप है कि विद्यालय में बच्चों को थालियों में भोजन परोसने के बजाय हाथों में ही रोटियां थमा दी जाती हैं और उन्हें इसी तरह मिड-डे मील कराया जाता है.

जांच की मांग तेज

ग्रामीण नरेंद्र सिंह तोमर ने इस पूरे मामले की शिकायत मुरैना कलेक्टर से करते हुए जांच की मांग की है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में संचालित स्व-सहायता समूह और संबंधित कर्मचारियों की मिलीभगत से बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है. साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने और गुणवत्ता विहीन भोजन परोसे जाने का भी आरोप लगाया गया है.

योजना के उद्देश्य पर ही सवाल

शिकायतकर्ता का कहना है कि बच्चों को सम्मानजनक तरीके से भोजन उपलब्ध कराने के बजाय उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, जिससे योजना के उद्देश्य पर ही सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा विद्यालय में मिड-डे मील की व्यवस्था सुधारने की मांग की है.

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. शिकायत के बाद अब सभी की नजर जिला प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.

ये भी पढ़ें: TMC के बागी गुट में सब ठीक ? तीन मुस्‍ल‍िम सांसदों की दूरी से उठे बड़े सवाल

Exit mobile version