Narottam Mishra on Vistaar News: ‘ग्वालियर विस्तार सम्मान’ के आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने विस्तार न्यूज के एडिटर इन चीफ ज्ञानेंद्र तिवारी के हर सवालों का बड़ी ही बेबाकी के साथ जवाब दिया. पढ़ें नरोत्तम मिश्रा ने क्या कहा?
कमलनाथ सरकार गिराने को लेकर कहा कि सरकार मैंने नहीं गिराई, अपने वजन से गिर गई. कमलनाथ की नाकामी से गिर गई. कांग्रेस के अंदर भाजपा का क्या रोल. कांग्रेस के नेता टूटे, विधायक टूटे, उसमें भाजपा का क्या रोल? कमलनाथ ने 2 लाख रुपए तक कर्जा माफ करने की बात कही थी, लेकिन 2 महीने बीत जाने के बाद भी 20,000 रुपए तक कर्जा माफ नहीं किया. रोजगार के नाम पर जीरो रहे. नौजवानों को ढोल बजाने और ढोर चराने की बात कही.
वल्लभ भवन दलाली का अड्डा बन गया थाः नरोत्तम मिश्रा
उन्होंने आगे कहा कि ट्रांसफरों की बोली लगती थी. सुबह आप एक ऑर्डर निकला और शाम को ज्यादा लेकर आएं, तो दूसरा ऑर्डर निकल जाता था. वल्लभ भवन दलाली का अड्डा बन गया था. इसलिए अच्छा रहा कि सरकार गिर गई. हमने सिर्फ कांग्रेस से आए लोगों का स्वागत किया और सरकार बनाई.
दिग्विजय-कमलनाथ चले हुए कारतूस
जब नरोत्तम मिश्रा से सवाल किया गया कि जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, दिग्विजय सिंह और कमलनाथ का फोन आया. तो उन्होंने कहा कि उनका क्यों आएगा. कमलनाथ और दिग्विजय सिंह चले हुए कारतूस हैं. दिग्विजय सिंह जो भी कर रहे हैं. अपने बेटे के लिए ही कर रहे हैं. इसके अलावा उनका कोई लक्ष्य नहीं है और वे इसमें सफल भी हो पाएंगे.
ये भी पढ़ेंः ‘DUSU चुनाव में NSUI का खाता भी नहीं खुला…’, आशीष अग्रवाल का राहुल पर निशाना
राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम को लेकर क्या बोले?
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं. उनका सूपड़ा साफ हो जाता है. इंदौर के कार्यक्रम में छात्र तो थे ही नहीं. पूरे प्रदेश के लोगों को ले जाकर भीड़ इकट्ठा की गई थी. कल ही डीयू चुनाव का परिणाम आया. एनएसयूआई को जीरो मिला. निर्दलीय को भी जीत मिल गई, लेकिन कांग्रेस नहीं. भीड़ को वोट में तब्दील करने की क्षमता राहुल गांधी में नहीं है. क्योंकि इनका देश के सामने कोई विजन है ही नहीं. हार के बाद हमेशा दूसरे पर ठीकरा फोड़ देते हैं.
