MP News: मध्य प्रदेश में दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है. नरोत्तम मिश्रा का एक बार फिर दर्द छलका है. उन्होंने कहा है कि मेरा टिकट काटने की आशुतोष तिवारी की क्षमता नहीं है, जिन्होंने टिकट काटा है, मैं उनसे बात करूंगा.
‘बदला पुलिस से लेना है, तुम आशुतोष की बात करते हो’
दतिया में नरोत्तम मिश्रा जनसभा को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘मंच पर आंसू कार्यकर्ताओं की हालत देखकर आ गए हैं. लेकिन उसके बाद जो आपने कहा, उससे मन दुखी हुआ है. तुमने उसकी दिशा ही मोड़ दी. उस दिशा ने दशा मोड़ दी. कहने लगे दादा के एक-एक आंसू का बदला लेंगे. बदला कांग्रेस से लेना है, तो कह रहे हैं भाजपा से लेंगे. बदला पुलिस प्रशासन से लेना है, वो कह रहे हैं कि आशुतोष तिवारी से बदला लेंगे. क्या थीम है दिमाग की. कह रहे हैं आशुतोष ने टिकट काट दिया है. अरे आशुतोष की क्षमता है क्या टिकट काटने की.टिकट काटने वाले कोई और हैं. वहां तक तुम्हारी क्षमता नहीं जाने की. वहां हमको बात करनी है, हम करेंगे. तुम जानते हो कि हम बात करेंगे.’
‘निर्दोष को पीटना बर्दाश्त नहीं करेंग, 3 तारीख तक शांत हैं’
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘ब्रह्मास्त्र कहीं और मत दागो. तुम मेरे दिल के करीब हो. ये तुमने साबित कर दिया है. इससे बड़ी किसी और की कोई और क्या उपलब्धि मिलेगी.’
वहीं टिकट काटने पर जाम लगाने के बाद पुलिस की लाठी चार्ज पर भी उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर भी जमकर हमला बोला. नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘आपको चक्का जाम खुलवाना था तो खुलवा देते, लेकिन आंसू गैस के गोले क्यों दागे. एसपी साहब मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं, याद रखता हूं. मैं दोस्ती ओर दुश्मनी दोनों याद रखता हूं. प्रेम और क्रोध की बात आप तक पहुंचेगी इसलिए बता रहा हूं. निर्दोष कार्यकर्ताओं पर बेंत चलाना, निर्दोष को पीटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे. 3 तारीख तक हम शांत हैं, इंतजार कर रहे हैं. मैं तुम्हारे मन को समझ रहा हूं, तुम भी मेरे मन को समझने की कोशिश करें.’
ये भी पढे़ं: ‘कार्यालय पर आसूं गैस के गोले क्यों दागे?’, नरोत्तम मिश्रा ने दतिया एसपी को धमकाया, बोले- मैं भूलने वाला नहीं
