शिवपुरी: गैस सिलेंडर फटने से ढह गया मकान, मलबे में दबने से 4 साल की मासूम की मौत

शिवपुरी के गुड़र गांव से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां पर सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ और घर की छत भरभराकर गिर गई. इस हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई है.
Shivpuri Cylinder Blast

शिवपुरी में सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका

शिवपुरी जिले के गुड़र गांव से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है. यहां पर गैस सिलेंडर फटने से एक मकान की छत और दीवारें भर-भराकर गिर गईं. मलबे में दबने और आग की चपेट में आने से 4 वर्षीय मासूम जाह्नवी प्रजापति की मौत हो गई. साथ ही परिवार के 4 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे है. घायलों को तुरंत शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उन्हें ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया गया.

खनियाधाना पुलिस ने दी जानकारी

खनियाधाना पुलिस के अनुसार गुड़र गांव में ये हादसा बुधवार को सुबह करीब 8 बजकर 30 मिनट पर प्राणसिंह प्रजापति के घर पर हुआ. दरअसल प्राणसिंह प्रजापति की पत्नी रोशनी प्रजापति घर में एलपीजी गैस चूल्हे पर जाह्नवी को स्कूल भेजने के तैयारी में नाश्ता बना रही थी. तभी एक जोरदार धमाका हुआ. धमाका इतना भयानक था कि मकान की दो दीवारें ढह गई और छत भी गिर गई.

स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य

धमाके के बाद घर के बाहर बैठे हुए प्राणसिंह के पिता फूल सिंह प्रजापति परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए घर के अंदर पहुंचे, लेकिन वे भी आग की चपेट में आकर झुलस गए. वहीं इस हादसे में 4 साल की मासूम जाह्नवी प्रजापति की मौत हो गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस और प्रशासन को सूचना दी.

क्या है धमाके की वजह?

फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके बाद जेसीबी मशीन से मलबा हटाया गया तो मृतक बच्ची जाह्नवी का शव बरामद हुआ. प्रारंभिक जांच में घटना के कारणों को लेकर अलग-अलग आशंकाएं सामने आ रही हैं, हालांकि अभी धमाके का सही कारण पता नहीं चल पाया है.

ये भी पढ़ेंः ‘IAS का सपना रह गया अधूरा, भगवान ऐसी पत्नी…’, 5 पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर दी जान, UPSC की तैयारी कर रहा था युवक

ज़रूर पढ़ें