शादी के नाम पर इंदौर की युवती से 27 लाख की ठगी, जीवनसाथी डॉट कॉम पर मर्चेंट नेवी अधिकारी बनकर फंसाया

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि आरोपी जितेंद्र परिवार से मिलने के बाद रूस भागने की फिराक में है. इसके बाद इंदौर क्राइम ब्रांच ने दिल्ली एयरपोर्ट से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अब ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को वापस इंदौर लाया गया है.
Indore Crime Branch arrested the accused who cheated a girl of Rs 27 lakh in the name of marriage.

इंदौर क्राइम ब्रांच ने शादी के नाम पर युवती से 27 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया.

Indore News: इंदौर में युवती से शादी के नाम पर 27 लाख की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी ने जीवनसाथी डॉट कॉम पर खुद को मर्चेंट नेवी अधिकारी बनकर महिला से ठगी की है. आरोपी ने सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद कई किस्तों में अपने एकाउंट में पैसे ट्रांसफर करवाए और फिर शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपी रूस भागने की फिराक में था. लेकिन तभी इंदौर की क्राइम ब्रांच ने दिल्ली एयरपोर्ट से दबोच लिया.

ब्लड कैंसर होने का बहाना बनाकर की ठगी

इंदौर की रहने वाली एक युवती की दिल्ली के रहने वाले जीतू उर्फ जितेंद्र से जीवनसाथी डॉट कॉम पर जान पहचान हुई थी. जीतू ने जीवन साथी डॉट कॉम पर फर्जी आईडी बनाई थी, जिसमें उसने खुद को मर्चेंट नेवी अधिकारी बताया था. जीवन साथी डॉट कॉम पर बातचीत के बाद दोनों सोशल मीडिया पर जुड़े. फिर नंबर एक्सचेंज होने के बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर घंटों बातें होने लगी. दोनों ने शादी करने का फैसला लिया.

इस दौरान आरोपी जीतू ने साल 2024 में युवती को बताया कि उसे ब्लड कैंसर की बीमारी हो गई है. इलाज के लिए काफी पैसों की जरूरत है. फिलहाल उसके पास इतने पैसे नहीं है कि इलाज करवा सके. जिसके बाद युवती ने कहा कि वह आरोपी जीतू की इलाज करवाने में मदद कर देगी. इस तरह आरोपी ने कई बार में लगभग 27 लाख रुपये अपने अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए.

पैसे लेने के बाद शादी से इनकार किया

पीड़िता ने बताया कि कई बार में उसने 26.86 लाख रुपये आरोपी के अकाउंट में ट्रांसफर किए थे. लेकिन पैसे लेने के बाद उसने शादी करने से इनकार कर दिया. इसके बाद कॉल उठाना भी बंद कर दिया. बाद में युवती को पता चला कि उसके कोई बीमारी नहीं थी. बल्कि पैसे ऐंठने के लिए उसने बहाना बनाया था. जिसके बाद पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई.

ठगी के बाद विदेश भाग गया आरोपी

इंदौर क्राइम ब्रांच शिकायत दर्ज होने के बाद लगातार आरोपी जितेंद्र के बारे में पता लगा रही थी. आरोपी की पहचान नोएडा के थोरा ग्राम निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र के रूप में हुई. युवती से ठगी के बाद आरोपी विदेश भाग गया. तभी क्राइम ब्रांच को पता चला कि आरोपी अपने परिवार से मिलने भारत वापस आया है. क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि आरोपी जितेंद्र परिवार से मिलने के बाद रूस भागने की फिराक में है. इसके बाद इंदौर क्राइम ब्रांच ने दिल्ली एयरपोर्ट से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अब ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी को वापस इंदौर लाया गया है.

कई लड़कियों से कर चुका है ठगी

इंदौर क्राइम ब्रांच को पूछताछ के दौरान पता चला है कि ये पहली दफा नहीं है जब आरोपी जितेंद्र ने किसी महिला के साथ शादी के नाम ठगी की है. इसके पहले भी वह कई महिलाओं को शिकार बना चुका है. आरोपी पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अब तक उसने कितने लोगों के साथ ठगी की है. साथ ही महिला से ऐंठी गई रकम की रिकवरी के लिए भी आरोपी के बैंक अकाउंट खंगाल रही है. आरोपी के खिलाफ BNS की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है.

ये भी पढे़ं: मुरैना में 50 रुपये के लिए दांव पर जिंदगी! चंबल नदी में स्टीमर पर लोगों को भरकर पहुंचा रहे UP

ज़रूर पढ़ें