Vistaar NEWS

बड़वानी: 20 तोला सोना-चांदी चोरी, घर का दरवाजा तोड़कर घुसे चोर, परिवार के सभी सदस्य मिले बेहोश

Barwani News

20 तोला सोना-चांदी चोरी

इनपुट-सचिन राठौड़

Barwani News: बड़वानी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक घर में रात को दरवाजा तोड़कर चोर घुस गए. चोरों की इस गैंग ने घर से 20 तोला और लगभग आधा किलो चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया. घटना की जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

आमदा गांव का है मामला

दरअसल मामला बड़वानी जिले के पानसेमल थाना क्षेत्र के आमदा गांव का है. जानकारी के मुताबिक चोरी की वारदात सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात को घटी. परिवार के मुखिया रामचंद्र माली ने बताया कि चोर घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे. मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे जब घर की छोटी बहू जागी, तो उसने देखा कि परिवार के सभी सदस्य बेहोशी की हालत में पड़े थे. घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी व लॉकर खुले हुए थे.

आरोपियों की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने पुलिस को सूचित किया. सूचना पाकर FRV 112 के पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. जांच के लिए जिला मुख्यालय से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है.

इस चोरी की घटना के बाद गांव में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढे़ं- MP News: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर MBBS इंटर्न डॉक्टरों का आंदोलन तेज, आज भोपाल में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

Exit mobile version