Ragini Nayak on Kailash Vijayvargiya: कांग्रेस नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर दौरे पर रहेंगे. उनके इंदौर आगमन से पहले ही भाजपा-कांग्रेस के नेताओं के बीच तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. एक ओर जहां मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी की यात्रा से भाजपा को फायदा होना बताया है, तो वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने ‘घंटा’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए कैलाश विजयवर्गीय पर तंज कसा है. यानी कि लगभग 8 महीने बाद एक बार फिर इंदौर की राजनीति में ‘घंटा’ शब्द को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है.
राहुल गांधी के दौरे को लेकर इंदौर में सियासत गरमा गई है. राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि राहुल के दौरे से कांग्रेस को ही फायदा होगा. कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर पलटवार करते हुए उन्हीं की भाषा में ही दिया बयान दिया है.
क्या बोलीं रागिनी नायक?
रागिनी नायक ने कहा, कैलाश विजयवर्गीय बेचारे जो भी बोलते हैं. उनका खुद का मजाक बन जाता है. अगर वो ये कह रहे हैं कि राहुल गांधी के इंदौर आगमन से भाजपा को फायदा होगा, तो मैं कहूंगी, ‘घंटा’, भाजपा को घंटा फायदा होगा. बयान देने से पहले अपने गिरेबान में जरूर झांककर देखें. बोलने से पहले सोचिए. आपको ये अब तक सीख लेना चाहिए था.
ये भी पढ़ेंः राहुल गांधी के MP दौरे से पहले सीएम का कांग्रेस पर हमला, बोले – युवाओं से अन्याय के लिए पहले माफ़ी मांगनी चाहिए
कहां से आया ‘घंटा’ शब्द?
बता दें, इंदौर के भागीरथपुरा में दिसंबर 2025 में मुख्य पेयजल सप्लाई लाइन में सीवर का पानी मिलने के कारण दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी. न्यायिक जांच रिपोर्ट के अनुसार 24 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है. इंदौर में हुए दूषित पानी कांड का मुद्दा काफी सुर्खियों में रहा. इसी बीच कैलाश विजयवर्गीय ने अपने एक बयान के दौरान ‘घंटा’ शब्द का इस्तेमाल किया था. जिसकी वजह से उन्हें काफी ट्रोल होना पड़ा था. एक बार फिर इंदौर में ‘घंटा’ शब्द चर्चा में आया है.
