Vistaar NEWS

Dhar: 8 दिन से एक ही जगह बैठा है नाग, नागपंचमी पर साली गांव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Dhar news

श्रद्धालुओं की भीड़

इनपुट-जफर अली

Dhar: मध्यप्रदेश के धार जिले में नागपंचमी के दिन एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिल रहा है. गंधवानी तहसील के ग्राम साली में पिछले 7 से 8 दिनों से एक नाग देवता एक ही स्थान पर विराजमान हैं. खास बात ये है कि लोगों द्वारा भगाने और भारी भीड़ के बावजूद नाग अपनी जगह से नहीं हिल रहा.

लोग इसे चमत्कार मान रहे

आमतौर पर सर्प किसी भी आहट या हलचल पर डरकर सुरक्षित स्थान पर चले जाते हैं. लेकिन साली गांव में स्थिति बिल्कुल उलट है. यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, पूजा-पाठ हो रहा है, ढोल-नगाड़े बज रहे हैं, फिर भी नाग देवता टस से मस नहीं हो रहे.

इसी वजह से ग्रामीण इसे नाग देवता का चमत्कार मानकर लगातार पूजा-अर्चना कर रहे हैं. गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने आज तक ऐसा कभी नहीं देखा.

नागपंचमी पर उमड़ा जनसैलाब

आज नागपंचमी का पर्व होने के कारण सुबह से ही साली गांव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई. आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज से भी लोग नाग देवता के दर्शन और मन्नत मांगने पहुंच रहे हैं. पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल है. लोग दूध, लड्डू और फूल चढ़ाकर नाग देवता की पूजा कर रहे हैं.

प्रशासन अभी मौके पर नहीं पहुंचा

फिलहाल वन विभाग या किसी सर्प विशेषज्ञ की टीम मौके पर नहीं पहुंची है. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नाग देवता खुद नहीं जाएंगे, तब तक कोई उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाएगा. स्थानीय लोगों की आस्था इतनी गहरी है कि उन्होंने उस स्थान के चारों तरफ साफ-सफाई कर उसे पूजा स्थल का रूप दे दिया है.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट ?

सर्प विशेषज्ञों के अनुसार आमतौर पर सांप भोजन, गर्मी या अंडे देने की वजह से एक जगह टिकते हैं. लेकिन लगातार 8 दिन तक भीड़-भाड़ में एक ही जगह रहना वाकई असामान्य है. अब देखना होगा कि नाग देवता कब तक इसी स्थान पर विराजमान रहते हैं.

यह भी पढे़ं- Ujjain: सावन सोमवार और नागपंचमी का अनूठा संयोग, महाकाल और नागचंद्रेश्वर भगवान के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़

Exit mobile version