MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं. पूर्व लोकसभा अध्यक्ष एवं इंदौर की पूर्व सांसद सुमित्रा महाजन द्वारा केंद्र सरकार को पत्र लिखे जाने के बाद अब इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने भी एयरपोर्ट विस्तार की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया है. उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रहे हवाई यातायात और आगामी सिंहस्थ महापर्व को देखते हुए एयरपोर्ट का विस्तार अब समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है.
‘क्षमता 40 लाख और 43 लाख यात्री कर चुके इस्तेमाल’
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि वर्तमान में इंदौर एयरपोर्ट के टर्मिनल की वार्षिक क्षमता लगभग 40 लाख यात्रियों की है, जबकि इस वर्ष 43 लाख से अधिक यात्री एयरपोर्ट का उपयोग कर चुके हैं. क्षमता से अधिक यात्री भार के कारण भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एयरपोर्ट का विस्तार आवश्यक हो गया है.
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विस्तार योजना के तहत केवल टर्मिनल भवन का विस्तार ही नहीं, बल्कि रनवे की लंबाई बढ़ाने, पैरेलल टैक्सी-वे के निर्माण और आधुनिक रडार सिस्टम स्थापित करने जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी शामिल किया गया है. इन सुविधाओं से बड़े विमानों का संचालन आसान होगा, उड़ानों की संख्या बढ़ेगी और एयर ट्रैफिक का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा.
‘आगामी सिंहस्थ के लिए क्षमता बढ़ाना जरूरी’
सांसद के अनुसार इन सभी विकास कार्यों के लिए लगभग 143 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता होगी. इस संबंध में मध्य प्रदेश सरकार केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज चुकी है. अब अंतिम स्वीकृति केंद्र सरकार से मिलनी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जल्द ही इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेकर इंदौर एयरपोर्ट के विस्तार का मार्ग प्रशस्त करेगी.
प्रस्ताव मंजूर होने पर नई उड़ानों की होगी शुरुआत
शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर तेजी से व्यापार, उद्योग, शिक्षा, आईटी और पर्यटन का बड़ा केंद्र बन रहा है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हवाई सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है. उन्होंने यह भी कहा कि आगामी सिंहस्थ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और देश-विदेश से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाना बेहद महत्वपूर्ण होगा.
यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो इंदौर एयरपोर्ट की यात्री क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, नई उड़ानों की शुरुआत का रास्ता खुलेगा और शहर की कनेक्टिविटी के साथ आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी. एयरपोर्ट विस्तार को इंदौर के भविष्य के बुनियादी ढांचे की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: जबलपुर में स्मॉल फाइनेंस बैंक में डकैती का खुलासा, मुख्य आरोपी समेत 2 गिरफ्तार, 750 ग्राम सोना बरामद
