‘दतिया उपचुनाव 100 परसेंट जीतेंगे’, हरीश चौधरी बोले- BJP के दावे और हकीकत दुनिया जान चुकी है
हरीश चौधरी ने दतिया उपचुनाव 100 परसेंट जीतने का दावा किया है.
Input- शेख शकील
MP News: मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव की पूरे प्रदेश भर में हलचल है. यहां से भाजपा के नरोत्तम मिश्रा के समर्थक अपने नेता का टिकट कटने से नाराज दिखाई दे रहे हैं. तो वहीं इस पर कांग्रेस पार्टी अभी से अपनी जीत के दावे कर रही है. इसी बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने चलाये जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत खंडवा पहुंचे थे, जहां उन्होंने दतिया उपचुनाव को लेकर कहा कि, वहां घनश्याम सिंह को उनकी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है. जिनको लेकर वहां का बच्चा-बच्चा तक जानता है कि, वे कितने सरल स्वभाव के हैं. उनको उम्मीद है कि 100% कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर उनकी जीत होगी.
‘कार्यकर्ताओं की नाराजगी BJP का आंतरिक मामला’
यही नहीं, दतिया से भाजपा के कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा के कार्यकर्ताओं द्वारा जो नाराजगी जताई जा रही है, उस पर हरीश चौधरी का कहना है कि यह तो उनके परिवार का आंतरिक मामला है. हालांकि उनकी नाराजगी दिखावे की है, या इसका कुछ और मकसद है. यह वही बेहतर जान सकते हैं. लेकिन जहां तक वे दतिया विधानसभा को जानते हैं, वहां के लोग कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह को चुनाव जिता कर अपना जन प्रतिनिधि बनाएंगे. वहीं नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, टिकट देना या नहीं देना या तो उनकी पार्टी का फैसला है. लेकिन दतिया की जनता कांग्रेस उम्मीदवार के सरल स्वभाव के चलते उन्हें ही जीत दिलाएगी ये निश्चित है.
‘हम दतिया केवल मनोबल बढ़ाने जा रहे’
वहीं जब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी से पूछा गया कि भाजपा का दावा है कि वह सबसे अनुशासित पार्टी है. बावजूद इसके वहां कल से भाजपा कार्यकर्ताओं ने बवाल मचा के रखा हुआ है. वहां रोड जाम हैं, सड़कों पर कार्यकर्ता नाराज घूम रहे हैं. जिस पर उन्होंने कहा कि, भाजपा के दावे और उसकी हकीकत क्या है. यह आज देश और दुनिया जान चुकी है. इसके साथ ही जब उनसे पूछा गया कि वे भी दतिया जा रहे हैं, तो वहां क्या कुछ कांग्रेस की रणनीति रहेगी. इस पर उन्होंने कहा कि दतिया में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है. हम तो सिर्फ वहां मनोबल बढ़ाने जा रहे हैं. दतिया का चुनाव वहां के कांग्रेस के कार्यकर्ता लड़ेंगे. हमारी वहां मौजूदगी सिर्फ उन लोगों का मनोबल बढ़ाने तक रहेगी, और दतिया को लेकर उनका पूरा विश्वास है कि दतिया में वहां के कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी ही मजबूती से चुनाव लड़ेंगे.
ये भी पढ़ें: जल संसाधन विभाग के प्रभारी प्रमुख अभियंता विनोद कुमार देवड़ा को राहत! कारण बताओ नोटिस वापस