MP News: इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत शहर ने नशामुक्त समाज का संदेश देते हुए एक नया इतिहास रच दिया. अभियान के अंतर्गत 8,534 विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों ने एक साथ विशाल मानव श्रृंखला बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए दावा प्रस्तुत किया.
7,100 लोगों की मानव श्रृंखला के रिकॉर्ड को तोड़ा
इस उपलब्धि के साथ इंदौर पुलिस ने 7,100 लोगों की मानव श्रृंखला का अपना ही पूर्व रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया. कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था.
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने उपस्थित हजारों लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी. उन्होंने सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए शपथ भी दिलाई.
2 वर्ल्ड रिकॉर्ड का दावा पेश किया
आयोजन की विशेष बात यह रही कि एक ही कार्यक्रम में विशाल मानव श्रृंखला और सामूहिक जनजागरूकता अभियान के आधार पर दो अलग-अलग वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए दावा प्रस्तुत किया गया. इंदौर पुलिस का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना और युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना है.
