Vistaar NEWS

Khandwa News: सफल हुआ 4 युवकों का रेस्क्यू, 11 घंटे चला ऑपरेशन, खंडवा और इंदौर की SDERF टीम ने दिया अंजाम

Four youths were successfully rescued.

चार युवकों का सफल रेस्क्यू हुआ

इनपुट-शेख शकील

Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा में बारिश के पानी के पास सेल्फी लेना चार युवकों के लिए मुसीबत बन गया. दरअसल पिकनिक मनाने पहुंचे चार दोस्त अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से बीच में बने एक टापू पर फंस गए. गुरुवार शाम को शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात चलता रहा. तेज बहाव और अंधेरे के बीच प्रशासन, पुलिस, SDRF की टीमों ने लगातार प्रयास किए, लेकिन पानी का बहाव तेज़ होने से रेस्क्यू टीम को दुश्वारियां का सामना करना पड़ा. हालांकि युवकों तक ड्रोन के जरिए खाना, पानी और लाइफ जैकेट पहुंचाई गईं. आखिरकार करीब 11 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार तड़के सभी चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, खंडवा जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित सुक्ता और आबना नदी का संगम स्थल हांडीकुंडी पिकनिक क्षेत्र में शहर के मेडिकल व्यवसायी हुजेफा हामिद अली अपने साथियों असगर, मुस्तफा और मयंक के साथ घूमने पहुंचे थे. इस दौरान क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण नदी में अचानक पानी बढ़ गया और चारों युवक नदी के बीच बने एक टापू पर फंस गए. सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई.

शाम से शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान

युवकों को सुरक्षित निकालने के लिए गुरुवार शाम करीब 6 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. लेकिन नदी में तेज बहाव होने के कारण शुरुआती प्रयास सफल नहीं हो सके. प्रशासन ने हालात की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीमों को मौके पर तैनात किया और अतिरिक्त मदद के लिए NDRF को भी बुलाया गया.

ड्रोन से पहुंचाया खाना-पानी और लाइफ जैकेट

रात के दौरान जब रेस्क्यू संभव नहीं हो सका तो प्रशासन ने चारों युवकों से लगातार संपर्क बनाए रखा. उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ड्रोन की मदद से खाना, पीने का पानी और लाइफ जैकेट टापू तक पहुंचाई. इससे युवकों को राहत मिली और वे सुरक्षित बने रहे.

पानी बढ़ता देख प्रशासन में विकल्प के तौर पर एयरलिफ्ट करने की योजनाएं बनाई. जिसके लिए जिला प्रशासन ने रायपुर से हेलीकॉप्टर भी बुलाया. लेकिन जैसे ही हेलीकॉप्टर रायपुर से निकला नागपुर आते-आते मौसम खराब होने के कारण उसे भी वहीं रुकना पड़ा . उम्मीद थी कि सुबह 7 बजे तक जैसे ही हेलीकॉप्टर खंडवा पहुंचेगा इन चारों को इस हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा लेकिन इससे पहले ही एसडीआरएफ की टीम ने बहादुरी दिखाते हुए अपना पूरा एफर्ट लगाया और चारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

चारों युवक सुरक्षित

जिला पंचायत सीईओ और प्रभारी कलेक्टर नागार्जुन बी गोडा ने ने बताया कि गुरुवार शाम हमें सूचना मिली कि खंडवा के चार युवक पिकनिक बनाने हांडी कुंडी पहुंचे थे, जहां पानी बढ़ने से वे वही टापू पर फंस गए हैं. प्रशासन और पुलिस की टीम ने तुरंत उन्हें रिसीव करने की योजना बनाई. सभी लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कर शुरू किया गया. लगातार बारिश और नदी में पानी बढ़ने की वजह से रेस्क्यू में दिक्कतें आई लेकिन देर रात तक पूरी टीम ने अपनी पूरी कोशिश कर चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

चारों अभी सुरक्षित है और अपने घर पहुंच चुके हैं. प्रभारी कलेक्टर नागार्जुन ने बताया कि उन्होंने बैकअप प्लान में एयरलिफ्ट करने की योजना भी तैयार रखी थी. अगर हालात और ज्यादा पेचीदा होते तो इन चारों युवकों को एयरलिफ्ट कर भी बचा जाता.

ये भी पढ़ें-Khandwa News: सावन के पहले दिन आस्था का महापर्व, रिमझिम बारिश के बीच ओंकारेश्वर में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब

जिले में भारी बारिश का अलर्ट था

खंडवा एसपी आगम जैन ने बताया कि पूरे जिले में भारी बारिश का अलर्ट था. जिला प्रशासन में पुलिस की ओर से भी हिदायत दी जा रही थी कि कोई नदी नाले या जल भराव वाले क्षेत्र के आसपास ना जाए. लेकिन शाम होते-होते खबर मिली कि चार युवाक एक नदी के टापू पर फंसे हुए हैं. हमारी पूरी टीम ने पूरी बहादुरी के साथ इन चारों युवक का रेस्कयू किया है.

युवकों के पास मोबाइल फोन होने से हमें रेस्क्यू में और आसानी हुई. हम उन्हें लगातार हिम्मत बनाते रहे. ड्रोन के माध्यम से हमने उन्हें लाइव जैकेट ,रस्सा और खाने पीने का सामान पहुंचा. पूरी रात की मेहनत के बाद आखिरकार सुबह तड़के चारों युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया है.

Exit mobile version