Vistaar NEWS

BJP के मंडल अध्यक्ष को बताया ‘2 कौड़ी का नेता’, बड़वानी में लक्ष्मण चौहान ने भाजपा पर जमकर हमला बोला

Laxman Chauhan launched a scathing attack on the BJP in Barwani.

बड़वानी में लक्ष्मण चौहान ने भाजपा पर जमकर हमला बोला.

Input- सचिन राठौर

MP News: बड़वानी जिला मुख्यालय में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर लगातार आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं. इसी क्रम में, कांग्रेस के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मण चौहान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर तीखा हमला बोला.

यह राजनीतिक खींचतान वेंडर मार्केट के लोकार्पण कार्यक्रम से शुरू हुई थी. चौहान ने दावा किया कि जिस वेंडर मार्केट का लोकार्पण रविवार को भाजपा ने किया, उसे कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत कराया गया था. उन्होंने बताया कि जब कमलनाथ मुख्यमंत्री और जयवर्धन सिंह नगरीय प्रशासन मंत्री थे, तब इसकी स्वीकृति मिली और निर्माण कार्य शुरू हुआ.

भाजपा मंडल अध्यक्ष को ‘दो कौड़ी का नेता’ बताया

चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता इस कार्य का श्रेय ले रहे हैं. उन्होंने भाजपा मंडल अध्यक्ष को ‘दो कौड़ी का नेता’ बताते हुए कहा कि मंच से कांग्रेस परिषद पर केवल चार बाथरूम बनाने का आरोप लगाया गया.

चौहान ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि कांग्रेस ने चार नहीं, बल्कि 28 सुलभ शौचालयों का निर्माण कराया था. साथ ही, एक वीआईपी सुलभ कॉम्प्लेक्स भी बनाया गया था, जिसे भाजपा कथित तौर पर संभाल नहीं पाई और तोड़ रही है. उन्होंने भाजपा पर शहरवासियों को खराब सड़कें, अस्थमा की बीमारी देने और मूलभूत सुविधाओं के नाम पर जनता को लूटने का आरोप लगाया, जिसमें नल और संपत्ति कर बढ़ाना तथा निर्माण अनुमति में भ्रष्टाचार शामिल है.

‘डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए 10 नए वाहन खरीदे’

वहीं अपनी परिषद की उपलब्धियां गिनाते हुए लक्ष्मण चौहान ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थानों पर 20 से अधिक हाई-मास्क लाइटें लगाई गईं. पूरे शहर में पुराने छोटे बल्बों को हटाकर एलईडी लाइटें लगाई गईं. स्वच्छता पर जोर देते हुए, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए 10 नए वाहन खरीदे गए. गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने के लिए घर-घर डस्टबिन बांटे गए, जिनका उपयोग आज भी हो रहा है. शहर के सभी होटलों का सर्वे कराकर बड़े डस्टबिन वितरित किए गए. मंदिरों का कचरा साफ करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक वाहन की व्यवस्था की गई.

उन्होंने बताया कि 8 डीलक्स सुलभ कॉम्प्लेक्स और 20 सुलभ शौचालय बनाए गए. शहर के 12 बगीचों की बाउंड्रीवॉल कर उनका सौंदर्यीकरण किया गया. शहर के कई मंदिरों के सामने पेवर ब्लॉक लगाए गए. चौहान ने कहा कि शहर के विकास के लिए ऐसे कई कार्य किए गए हैं, जिन्हें गिनाना मुश्किल है.

ये भी पढे़ं: सागर में मिड डे मील में मिले कीड़े, खाने से पहले ही ग्रामीणों ने देखा, कलेक्टर ने कार्रवाई के आदेश दिए

Exit mobile version