Vistaar NEWS

Khandwa News: सावन के पहले दिन आस्था का महापर्व, रिमझिम बारिश के बीच ओंकारेश्वर में उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब

Omkareshwar Jyotirlinga

ओंकारेश्वर मंदिर में भक्तों की उमड़ी भीड़

इनपुट-शेख शकील

Khandwa News: आज से पवित्र श्रावण मास की शुरुआत हो चुकी है और ऐसे में भोले बाबा के भक्ति का महत्व और भी बढ़ जाता है . आज सावन मास के पहले ही दिन गुरुवार को मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थनगरी ओंकारेश्वर शिवभक्ति में सराबोर नजर आई. हालांकि सुबह से ही यहां रिमझिम बारिश भी जारी है लेकिन बड़ी संख्या में पहुंच रहे भक्तों को इस रिमझिम बारिश की फुहार में भी आनंद आ रहा था .

हर-हर महादेव’ के जयकारे से परिसर गूंजा

बारिश की बूंदों के बीच सुबह से ही बाबा ओंकारेश्वर एवं ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी लंबी कतारें लग चुकी थीं. ऐसा लग रहा था मानो हर कोई सावन के पहले ही दिन भोले बाबा को मना लेना चाहता हो और उनसे अपनी मनोकामना पूरी करवाने को आतुर हो.
यहां ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर और उसके आसपास कतारो में लगे भक्त भगवान की भक्ति में लीन होकर जयकारे लगा रहे थे जिसके चलते “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा. देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा बेलपत्र, पुष्प, दूध और धतूरा अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.

ये भी पढ़ें-Sawan 2026: कल से शुरू हो रहा सावन का पवित्र महीना, भूलकर भी न करें ये गलतियां, नहीं तो रूठ जाएंगे भगवान शिव

सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम

इस रिमझिम बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. इधर मंदिर ट्रस्ट एवं प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए हुए हैं. जिससे श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से दर्शन कराए गए. सावन माह की शुरुआत के साथ ही अब पूरे महीने इसी तरह से श्रद्धालुओं का यहां आने और दर्शन करने का सिलसिला जारी रहेगा. विशेषकर सावन सोमवार और प्रमुख पर्वों पर श्रद्धालुओं की संख्या में और भी अधिक वृद्धि होने की संभावना है.

मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जबकि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है. मान्यता है कि सावन माह में भगवान शिव की सच्चे मन से पूजा और जलाभिषेक करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. इसी आस्था के साथ देशभर से श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंच रहे हैं.

Exit mobile version