भिंड जिले से अपनी पत्नी और गांव के लोगों के साथ करीब 66 वर्षीय महेशसिंह भदौरिया ओंकारेश्वर दर्शन करने आए थे, लेकिन वे 23 नवंबर को ओंकारेश्वर मंदिर में अपने लोगों से बिछड़ गए और खो गए. परिवार के लोग पिछले तीन-चार दिनों से लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं लेकिन अभी तक किसी भी तरह की उनकी कोई खबर नहीं मिली है. पुलिस की टीम भी लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है.
सीसीटीवी में नए बस स्टैंड के पास दिखाई दिए
परिजनों के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मंदिर में दर्शन की कतार में भीड़ के बीच महेशसिंह उनसे अलग हो गए. सीसीटीवी फुटेज में वे आखिरी बार नए बस स्टैंड पर दिखाई दे रहे हैं. बुजुर्ग महेशसिंह को मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में देखा गया है लेकिन, वह अभी कहां हैं इसका कोई पता नहीं चल पा रहा है.
दर्शनों के दौरान पत्नी से अलग हो गए थे बुजुर्ग
महेश सिंह के भतीजे हरि सिंह तोमर ने गुरुवार को बताया कि वे सोमवार दोपहर अपनी पत्नी से अलग हो गए थे. उनके साथ गांव के अन्य बुजुर्ग भी बस से ओंकारेश्वर दर्शन करने के लिए गए थे. परिवार के लोगों ने थाना मांधाता में महेश सिंह के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है.
परिवारवालों की तरफ से 11 हजार का इनाम
परिवार वालों ने बताया है कि महेश सिंह ने सफेद बनियान पहनी है और सफेद तौलिया लपेटा हुआ है. परिजनों ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को भी उनके बारे में जानकारी मिलती है तो नजदीकी पुलिस थाने या थाना मांधाता, ओंकारेश्वर में सूचना दें. सही जानकारी देने वालों को परिवार वालों की तरफ से 11 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा.
थाना मांधाता प्रभारी अनोखसिंह सिंधिया ने बताया कि बुजुर्ग की तलाश जारी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य जगहों पर उनकी तलाश कर रही है.
