Vistaar NEWS

8.22 पर भाई से कहा- तलाक चाहिए, 9 बजे पति ने काट डाला; इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या में खुलासा

Urmila Saini (File Photo)

उर्मिला सैनी(File Photo)

MP News: इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं. हत्याकांड में एक और हैरान कर देने वाली बात निकलकर सामने आई है. पुलिस के मुताबिक वारदात वाले दिन उर्मिला ने अपने भाई को कॉल करके कहा था कि उन्हें तुरंत पति से तलाक चाहिए. उसकी थोड़ी देर बाद ही आरोपी पति अखिलेश ने धारदार हथियार से हत्या कर दी.

8.22 पर भाई को कॉल किया, 9 बजे कर दी हत्या

पुलिस की जांच में सामने आया है कि 11 जुलाई को, यानी जिस दिन उर्मिला की हत्या की गई, उसी दिन उर्मिला ने सुबह अपने भाई मनोज मालाकार को कॉल किया था. कॉल पर उर्मिला ने अपने भाई से कहा था कि वकील का इंतजाम करो. अब अलग होना है और तुरंत ही तलाक देना है. हालांकि परिजनों को लगा कि सामान्य घरेलू झगड़ा है. इसलिए किसी ने ज्यादा सीरियस नहीं लिया. लेकिन थोड़ी देर बाद पता चला कि उर्मिला की हत्या कर दी गई है.

थोड़ी देर बाद सुबह 9 बजे के आसपास आरोपी पति अखिलेश ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी उर्मिला सैनी की हत्या कर दी.

हत्या के बाद नहाया और कपड़े बदलकर बाहर चला गया

आरोपी अखिलेश ने सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ा और फिर लौटकर वापस आने के बाद अपनी पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद खून के धब्बे साफ करने के लिए नहाया और कपड़े बदलकर बाहर चला गया. बच्चों की छुट्टी दोपहर में होती है. बच्चे जब दोपहर एक बजे वापस घर लौटे तो मां की लाश देखकर रोने लगे और अपने मामा को फोन लगाया. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का पता लगा.

पिता बोले- बेटी से हमेशा झगड़ा करता था दामाद

वहीं उर्मिला के पिता सत्यनारायण मालाकार ने बताया कि शादी के बाद से ही दामाद अखिलेश बेटी से झगड़ा करता रहता था. बेटी को परेशान देखकर हम लोग भी दुखी होते थे. कई बार बेटी से कहा भी था कि ऐसे आदमी को तलाक दे दो. उर्मिला भी बहुत परेशान हो चुकी थी और अलग होना चाहती थी लेकिन बच्चों के कारण तलाक देने का फैसला नहीं ले पा रही थी.

बता दें 11 जुलाई को पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की उनके पति अखिलेश ने डाक कुंज कॉलोनी के सरकारी आवास में धारदार हथियार से हत्या कर दी थी.

ये भी पढ़ें: ‘रामचंद्र एक शादी करेगा तो दूसरे चार क्यों?’, UCC पर CM मोहन यादव बोले- 55 सालों तक कांग्रेस सरकार नहीं बोली

Exit mobile version