MP News: इंदौर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां सिलेंडर की जगह पानी भरकर दे दिया. विकास नगर निवासी राजेंद्र करोले ने आरोप लगाया है कि उनके घर पहुंचे इंडेन के घरेलू गैस सिलेंडर में गैस की जगह पानी भरा हुआ था. न्याय नहीं मिलने पर वे सिलेंडर लेकर सीधे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की.
‘700 रुपये और दो तब देंगे दूसरा सिलेंडर’
पीड़ित राजेंद्र करोले के अनुसार, उन्होंने अप्रैल महीने में श्री छाया गैस एजेंसी से इंडेन का घरेलू एलपीजी सिलेंडर लिया था. कुछ समय बाद सिलेंडर का उपयोग करने पर उन्हें गड़बड़ी का संदेह हुआ. जांच कराने पर सिलेंडर में गैस के बजाय पानी होने की बात सामने आने का दावा किया गया.
राजेंद्र करोले का आरोप है कि जांच के बावजूद उन्हें बिना अतिरिक्त राशि दिए नया सिलेंडर देने से मना कर दिया गया. आरोप है कि गैस एजेंसी वालों ने दूसरे सिलेंडर के लिए 700 रुपये एक्स्ट्रा मांगे. राजेंद्र करोले का कहना है कि गैस कनेक्शन और संबंधित सिलेंडर दोनों उनके नाम पर हैं, इसके बावजूद उन्हें राहत नहीं मिली.
कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर की शिकायत
कई स्तरों पर शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं होने पर पीड़ित सिलेंडर लेकर इंदौर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और बिना अतिरिक्त शुल्क नया गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है.
फिलहाल गैस एजेंसी और इंडेन गैस प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, जिला प्रशासन ने शिकायत प्राप्त होने के बाद नियमानुसार जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है.
ये भी पढे़ं: स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की कमीशन बढ़ाने की मांग, बड़वानी में कलेक्टर ऑफिस में जनसुनवाई में सौंपा ज्ञापन
