इनपुट- अनिल साहू
डिंडोरी जिला अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में स्लाइन की जगह ड्रिंकिंग वाटर इस्तेमाल किए जाने के वायरल वीडियो मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नर्सिंग ऑफिसर भावना चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं मेडिकल ऑफिसर डॉ. भरत संत को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है.
ड्रिंकिंग वाटर का इस्तेमाल
दरअसल बीते दिन जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में कथित तौर पर इलाज के लिए ड्रिंकिंग वाटर का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया गया था. जहाँ चूहा मार दवाई खाने वाले एक बच्चे को स्लाइन की जगह ड्रिंकिंग वाटर का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ लिया और प्रशासन ने इसकी जांच कराई.
नर्सिंग ऑफिसर निलंबित
जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने कार्रवाई करते हुए नर्सिंग ऑफिसर को निलंबित कर दिया, जबकि मेडिकल ऑफिसर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है. इस कार्रवाई के बाद से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है. जिला प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जांच के आधार पर आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग में चर्चा का माहौल बना हुआ है.
अधिकारियों को मिला 3 अगस्त तक का समय
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से 3 अगस्त 2026 तक अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश जारी किए हैं. इन निर्देश में कहा गया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. वहीं निलंबित नर्सिंग ऑफिरसर का मुख्यालय CMHO कार्यालय निर्धारित किया गया है.
ये भी पढे़ं- ‘बहन की NEET परीक्षा रद्द होने पर आया गुस्सा…’, बालाघाट कलेक्ट्रेट में बम फोड़ने वाले युवक ने मांगी माफी
