MP News: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर मानहानि मामले से जुड़ी याचिका पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई. इस दौरान भोपाल एमपी-एमएलए कोर्ट ने रिकॉर्ड पेश किए. हालांकि अंतरिम राहत को लेकर हाई कोर्ट में कल सुनवाई तय की गई है. ये सुनवाई ट्रायल कोर्ट में पेश होने से छूट की मांग पर की जा रही है. कांग्रेस सांसद ने भोपाल कोर्ट से जारी समन को हाई कोर्ट में चुनौती दी थी. पूरा मामला केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय की मानहानि केस से जुड़ा है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानिक का मामला दर्ज करवाया था. कार्तिकेय का आरोप है कि झाबुआ में साल 2018 में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने शिवराज और कार्तिकेय का नाम लिया था. इस दौरान राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि पनामा पेपर लीक मामले में दोनों का नाम है. कार्तिकेय का कहना है कि राहुल गांधी ने उनके खिलाफ झूठ फैलाया है, जिसके कारण उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है. वहीं कार्तिकेय की शिकायत पर भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट ने कांग्रेस नेता के खिलाफ समन जारी किया था. राहुल गांधी ने एमपी-एमएलए कोर्ट के समन के खिलाफ जबलपुर हाई कोर्ट में याचिका दी है.
राहुल गांधी ने दी सफाई, कहा- रमन सिंह का नाम लेना चाहता था
हालांकि अपने भाषण के अगले ही दिन राहुल गांधी ने पूरे मामले पर सफाई दी थी. राहुल गांधी ने कहा था कि वे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह और उनके बेटे की बात कर रहे थे, लेकिन गलती से शिवराज सिंह और उनके बेटे के नाम ले लिया था.
कल क्लियर होगा राहुल गांधी कोर्ट में हाजिर होंगे या नहीं
राहुल गांधी की याचिका पर जबलपुर हाई कोर्ट में जस्टिस प्रमोद कुमार अग्रवाल की सिंगल बेंच ने मंगलवार को सुनवाई की. इस दौरान राहुल गांधी की तरफ से अधिवक्ता अजय दुबे पेश हुए. वहीं भोपाल की एमपी-एमलए कोर्ट के रिकॉर्ड भी पेश किए गए हैं. अब कल तय होगा कि राहुल गांधी को भोपाल की एमपी-एमलए कोर्ट में पेश होना होगा या नहीं.
ये भी पढे़ं: MP News: बीजेपी की 106 सदस्यीय कार्यसमिति घोषित, 41 आमंत्रित सदस्य शामिल
