Vistaar NEWS

‘जेल से बाहर आना है तो 75 लाख रुपए दो’, अवैध वसूली मामले में कटनी CSP नेहा पच्चीसिया की बढ़ी मुश्किलें

Katni CSP Neha Pachisia Controversy

कटनी सीएसपी नेहा पच्चीसिया

MP News: कटनी सीएसपी नेहा पच्चीसिया एक बार फिर अपने कारनामों की वजह से सुर्खियों में हैं. उन पर ट्रांसपोर्ट कारोबारी से कथित रिश्वत मांगने के बाद अब हत्या के एक आरोपी द्वारा 75 लाख रुपए मांगने का आरोप है. इस मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, मुख्यमंत्री, मानवाधिकार आयोग और अदालत तक पहुंच चुकी है. जिसमें आरोप है कि सीएसपी ने आरोपी से संपर्क करते हुए कहा कि जेल से बाहर आना है तो 75 लाख रुपए दो. फिलहाल, मामले की जांच का जिम्मा जबलपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को दिया गया है. पढ़ें क्या है मामला?

जानकारी के अनुसार, कटनी पुलिस ने 3 अप्रैल 2026 को आदिवासी युवक की हत्या के मामले में आरोपी आकाश लोधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. लेकिन अब आकाश लोधी को कोर्ट से जमानत मिल गई है. जेल से छूटते ही आकाश ने शिकायत की है कि CSP नेहा पच्चीसिया ने परिजनों से 75 लाख रुपए की मांग की थी. सीएसपी ने कहा कि अगर जेल से बाहर आना है तो 75 लाख रुपए दो. पैसे नहीं देने पर पिता और जीजा को भी फर्जी मुकदमें में जेल में डाल दिया.

सीएसपी पर लगे गंभीर आरोप

आकाश का आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा और CSP नेहा पच्चीसिया ने उसके परिवार पर जमीन बेचने का दबाव बनाते हुए जमीन बिकवा दिया. इस दौरान पिता को सरकारी गाड़ी में बैठाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने भेजा गया. जमीन 1 करोड़ 7 लाख रुपए में बेचने का सौदा तय हुआ. जिसमें सिर्फ 15 लाख रुपए दिए गए. बाकी 92 लाख रुपए एक हफ्ते में देने का आश्वासन दिया गया. लेकिन पैसा नहीं दिया गया. जब इसकी शिकायत की तो पिता रमेश लोधी और जीजा सतीश लोधी को जेल भेज दिया.

ये भी पढ़ेंः  जैसीनगर पुलिस ने लुटेरी दुल्हन सहित तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, नकदी-जेवर लेकर हुई थी फरार

पहले भी विवादों में रहीं सीएसपी

CSP नेहा पच्चीसिया इससे पहले भी विवादों में रह चुकी हैं. उनके खिलाफ ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन ने भी शिकायत दर्ज कराई थी. महेंद्र जैन ने आरोप लगाया था कि 21 जुलाई की रात वाहन चेकिंग के दौरान वैध रूप से डोलोमाइट का परिवहन कर रहे उनके हाईवा को रोककर 30 हजार रुपए मांगे गए थे. जिसमें 25 हजार रुपए नकद लिए गए और 5 हजार रुपए अपने ड्राइवर के जरिए मंगवाए. हालांकि, इन आरोपों के बाद शिकायतकर्ता महेंद्र जैन खुद कार्रवाई नहीं करने की बात कही थी और अपने बयानों से मुकर गए.

Exit mobile version