Vistaar NEWS

1 अक्टूबर को बालाघाट आएंगे राहुल गांधी, आदिवासी बच्चों की मौत के मामले में परिजनों से करेंगे मुलाकात

Rahul Gandhi MP Visit Balaghat

1 अक्टूबर को बालाघाट दौरे पर रहेंगे राहुल गांधी

Balaghat Tribal Children Deaths: कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी जल्द ही मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे. सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी 1 अक्टूबर को बालाघाट आएंगे. इस दौरान वे बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौत के मामले में परिजनों से मुलाकात करेंगे. बालाघाट में मलेरिया और कुपोषण के चलते करीब 32 से ज्यादा आदिवासी बच्चों की मौत हुई थी. इससे पहले 19 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर दौरे पर आए थे. अब उनका 1 ही महीने के अंदर एमपी का दूसरा दौरा होगा.

राहुल गांधी 19 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजनीतिक स्थिति के साथ बड़े मुद्दों की जानकारी दी थी. आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने भी राहुल गांधी से प्रदेश की स्थिति लेकर अवगत कराया था. इस दौरान उन्होंने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से प्रभावितों के आंदोलन, बालाघाट में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से बैगा आदिवासी बच्चों की मौत, देवास सहित अन्य जिलों में आदिवासियों को भूमि से बेदखल करने सहित अन्य मामलों के बारे में जानकारी दी थी. जिसके बाद राहुल गांधी ने बालाघाट आने पर विचार किया था.

बालाघाट में मृत बच्चों के परिजनों से मिलेंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी के दौरे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि 1 अक्टूबर को राहुल गांधी बालाघाट दौरे पर रहेंगे. इस दौरान स्वास्थ्य की कमी से मृत आदिवासी बच्चों के परिजनों से मुलाकात करेंगे. इस दौरान आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, कुपोषण और सरकारी सेवाओं की स्थिति पर सरकार को घेरने का प्रयास करेंगे.

ये भी पढ़ेंः ‘देश छोड़कर फरार हो सकती हैं…’, CBI ने जताई आपत्ति, ट्विशा केस में गिरिबाला की जमानत याचिका पर सुनवाई आज

बालाघाट मुद्दे पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव होने में भले ही अभी 2 साल से ज्यादा का समय बचा है, लेकिन कांग्रेस पार्टी किसी मुद्दे को छोड़ना नहीं चाहती है. इसलिए एमपी के हर मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जा रहा है. वहीं राहुल गांधी का भी एमपी में पूरा फोकस है. कांग्रेस प्रदेश की स्थिति पर सरकार को घेरने के साथ यह संदेश देने का प्रयास कर रही है कि भाजपा केवल आदिवासी हितैषी होने की बात करती है मगर वास्तविकता कुछ और ही है.

Exit mobile version