Vistaar NEWS

Umaria News: स्कूल में अचानक अजीब हरकतें करने लगी छात्राएं, बाल खोलकर झूमते-झूमते हुईं बेहोश, जानें पूरा मामला

Umaria News

Umaria News

Umaria News: मध्य प्रदेश के उमरिया ज़िले के कल्दा से एक ऐसी घटना सामने आई जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. दरअसल कल्दा के सरकारी हाई स्कूल के स्टॉफ समेत कई स्टूडेंट तब शॉक्ड रह गए जब कुछ छात्राएं अचानक से अजीब सी हरकतें करने लगीं. ये छात्राएं स्कूल परिसर में बाल खोलकर झूमने लगीं और कुछ तो झूमते-झूमते बेहोश भी हो गईं. इस घटना को देखकर स्कूल स्टॉफ समेत दूसरे छात्र और गांव वाले घबरा गए.

कुछ लोगों ने बताया अंधविश्वास तो कुछ ने बीमारी

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसे अंधविश्वास बताया और पूजा-पाठ करने की सलाह दी. तो कुछ लोगों ने इसे बीमारी की नाम दिया. दरअसल, स्कूल में कई छात्राएं अचानक बीमार पड़ गईं. चश्मदीदों के मुताबिक, छात्राएं अचानक स्कूल कैंपस में बाल खोलकर नाचने लगीं, और उनकी हरकतें काफी डरावनी और अजीब थीं. यह हालत देखकर दूसरे छात्र, टीचर और गांव वाले हैरान रह गए. स्कूल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी.

इलाज के बाद सभी की स्थिति कंट्रोल में

जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग और एजुकेशन डिपार्टमेंट के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ, हेल्थ टीम के साथ स्कूल पहुंचे. जिसके बाद तुरंत छात्राओं को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया. डॉक्टरों ने छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया. राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने के बाद अब सभी स्टूडेंट्स की सेहत ठीक है और स्थिति कंट्रोल में है. इस घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें.

एक बार पहले भी हो चुकी है तबीयत खराब

गौरतलब है कि इससे पहले भी उमरिया जिले के करकेली विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यिक स्कूल में दो दर्जन से अधिक स्टूडेंट्स की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. इन सभी स्टूडेंट्स को बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत थी. छात्रों की हालत बिगड़ने के बाद तुरंत स्कूल प्रशासन ने सभी छात्रों को हेल्थ डिपार्टमेंट की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया था.

यह भी पढ़ें- MP Budget 2026: बजट आने से पहले विपक्ष का विरोध प्रदर्शन, खाली गुल्लक लेकर विपक्ष ने कहा- कर्ज में डूबी है सरकार

Exit mobile version