Mauganj News: मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र के ग्राम अल्हौआ में युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी और त्वरित कार्रवाई की है. पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी रामरहीश को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है.
गंभीर रूप से झुलसा युवक
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे ग्राम अल्हौआ निवासी रामरहीश ने अजहरूद्दीन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. आग की चपेट में आने से अजहरूद्दीन के चेहरे, सिर, पेट, सीना, दोनों हाथ, गर्दन और पीठ पर गंभीर जलने की चोटें आईं. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
सूचना मिलते ही पुलिस ने कसी कमर
घटना की सूचना मिलने पर लौर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई.
मुखबिर और तकनीकी सूचना से दबोचा आरोपी
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामरहीश को 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया. महज 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की तेज कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है.
पूरी कार्रवाई में लौर थाना प्रभारी निरीक्षक रीना सिंह, उप निरीक्षक अनन्त कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक अवनीश पाण्डेय, आरक्षक अजय मौर्य एवं शत्रुधन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों, साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें- नेपाल में आई तबाही के पीछे की क्या है वजह? 10 साल पहले कश्मीर में भी मचा था ऐसा ही हाहाकार
