Mauganj News: मऊगंज जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत मऊगंज के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने जनपद पंचायत मऊगंज के सभाकक्ष में हितग्राहियों के साथ समीक्षा एवं संवाद बैठक आयोजित की. बैठक में उन्होंने अधूरे आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों से सीधे संवाद किया और जिन लाभार्थियों के मकान अभी तक पूर्ण नहीं हो सके हैं, उन्हें शीघ्र निर्माण कार्य पूरा करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं गुणवत्तापूर्ण पक्का आवास उपलब्ध कराना है.
प्राप्त राशि का सदुपयोग कर समय पर पूरा करें निर्माण
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने हितग्राहियों से अपील की कि शासन द्वारा जारी की गई किस्तों का सदुपयोग करते हुए आवास निर्माण को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण निर्माण ही योजना का उद्देश्य है और प्रशासन इस दिशा में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है. यदि किसी हितग्राही को निर्माण कार्य में किसी प्रकार की व्यावहारिक कठिनाई आती है तो जनपद पंचायत प्रशासन उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगा.
सीमेंट-सरिया और ईंट उचित दरों पर मिलेगी
बैठक में सीईओ ने बताया कि जनपद पंचायत स्तर से हितग्राहियों को अधिकृत निर्माण सामग्री विक्रेताओं (वेंडर्स) से जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें सीमेंट, सरिया, ईंट एवं अन्य आवश्यक निर्माण सामग्री उचित एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर उपलब्ध हो सके. इससे निर्माण लागत कम होगी और आवास निर्माण कार्य में तेजी आएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही संसाधनों या जानकारी के अभाव में अपना आवास अधूरा न छोड़े.
वन-टू-वन संवाद कर जानी समस्याएं
बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रत्येक हितग्राही से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए तथा निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा न आने दी जाए. उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत की पूरी टीम हितग्राहियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर मौके पर पहुंचकर सहयोग भी करेगी.
मैदानी अमले को नियमित निगरानी के निर्देश
सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर ने प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े सभी अधिकारियों, पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ग्रामों में नियमित रूप से हितग्राहियों से संपर्क बनाए रखें, निर्माण कार्य की सतत निगरानी करें तथा सभी स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है और पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.
