Job Promise Conversion Case: सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला स्थित बजरंग कॉलोनी में नौकरी, बेहतर स्वास्थ्य और मकान का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने का आरोप सामने आया है. फिलहाल, शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया है. पुलिस की टीम अब हर एंगल से जांच करने में जुटी है.
पुलिस के मुताबिक, बजरंग कॉलोनी निवासी जगविजय वर्मा उर्फ जग्गी ने शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया कि कंचन महतो, रेणु समुद्रे और ईसू समुद्रे पर नौकरी, बीमारी से मुक्ति और मकान दिलाने का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है. शिकायत की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई की.
आपत्ति जताने पर मदद से इनकार
शिकायतकर्ता ने बताया कि आर्थिक समस्याओं का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया था. जब अपने आपको ठगा हुआ महसूस तो आपत्ति दर्ज कराई. इस दौरान उन्होंने साफ कह दिया कि धर्म बदले बिना उसे न तो स्वास्थ्य लाभ मिलेगा, न नौकरी और न ही घर मिल पाएगा. इसके बाद पीड़ित शिकायतकर्ता सीधे थाने पहुंचा और पुलिस से शिकायत दर्ज कराई.
ये भी पढ़ें: Rewa: TRS कॉलेज से गेस्ट टीचर को हटाने का मामला, प्रिंसिपल पर लगे गंभीर आरोप, कार्रवाई की मांग की गई
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पाकर कोलगवां थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज किया है. इससे पहले भी कई बार सतना से धर्म परिवर्तन का मामला सामने आ चुका है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. इसके साथ ही पुराने मामलों को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है.
