Vistaar NEWS

‘अय्याशी’ में खलल डाल रहे पति की हत्या, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया, शराब पिलाकर सिर कूच दिया

Police have arrested three people including the accused wife and her lover.

पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी समेत 3 लोगों की गिरफ्तार किया है.

Input- अनिल सिंह

MP News: सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में हाईवे सड़क के किनारे मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसकी पत्नी ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर कराई थी. अब तक मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है.

अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था पति

पूरा मामला 21 जून को थाना चितरंगी क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 का है. यहां हाईवे के किनारे रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार( 38) का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों से पूछताछ की. पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी रामकली का नीरज कुमार शाह के साथ प्रेम संबंध था. रामकली और नीरज दोनों ही रघुनाथ को अपने रिश्ते में बाधा मानते थे. इसी वजह से रामकली, उसके प्रेमी नीरज शाह और नीरज के साथी सूरज सिंह गोंड ने मिलकर हत्या की साजिश रची.

शराब पिलाने के बहाने हाईवे पर बुलाकर हत्या कर दी

योजना के मुताबिक रघुनाथ को शराब पिलाने के बहाने हाईवे किनारे ले जाया गया, जहां पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई. बाद में शव को सड़क किनारे बोल्डर के पीछे फेंक दिया गया. मामले में पुलिस ने नीरज कुमार शाह (23), सूरज सिंह गोंड (22) और मृतक की पत्नी रामकली (30) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की गई है.

सिंगरौली एसपी ने बताया कि चितरंगी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों,मुखबिर सूचना और लगातार पूछताछ के आधार पर महज 72 घंटे के भीतर अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है. उन्होंने खुलासे में शामिल पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.

ये भी पढे़ं: मुरैना में सिपाही ने महिला को पाइप से पीटा, बेटी के गायब होने की शिकायत करने गई थी; हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड

Exit mobile version