मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम से शुरू हुई बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन हिंदू एकता रथयात्रा’ पन्ना के अमानगंज पहुंचने वाली है. इस यात्रा में हजारों की संख्या में लोग साथ चल रहे हैं. 500 किमी की इस यात्रा में धीरेंद्र कृष्ण के साथ-साथ देश के कई बड़े साधु-संत शामिल हो रहे हैं. यात्रा के स्वागत के लिए अमानगंज को फूलों से सजाया गया है. यहां पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को जेसीबी से 20 फीट लंबी फूलमाला भी पहनाई जाएंगी.
ये संत भी हुए यात्रा में शामिल
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की इस यात्रा में अयोध्या हनुमान गढ़ी के राजूदास महाराज, मलूकपीठ के गंगादास जी, हरिद्वार के मोनी महाराज और चित्रकूट के राधेश्याम महाराज साथ चल रहे हैं. इस यात्रा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा है कि भारत में कास्टवाद नहीं, राष्ट्रवाद जरूरी है. यह यात्रा सभी हिंदुओं को एकजुट करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है. सनातनियों की एकता से भारत मजबूत होगा. यदि सभी हिंदू एकजुट नहीं हुए तो आने वाला समय बहुत खराब हो जाएगा.
पन्ना में पहले दिन रात्रि विश्राम
बीती रात बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता यात्रा ने पन्ना में रात्रि विश्राम किया. इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हजारों श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, हिंदू एकता और सामाजिक समरसता से जुड़े सात वचनों की शपथ दिलाई. इसके बाद भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल में रथ यात्रा अपने अगले पड़ाव की ओर आगे बढ़ गई. यात्रा के दूसरे दिन दोपहर का विश्राम पवई में और रात्रि विश्राम हटा में प्रस्तावित है.
पंडित धीरेंद्र शास्त्री का संदेश
बाबा बागेश्वर ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस आयोजन में ‘भक्त और भगवान के बीच कोई पास नहीं होगा’, यानी कथा पंडाल और यात्रा के दौरान पूरी तरह से वीआईपी कल्चर को खत्म कर दिया गया है ताकि हर आम भक्त सीधे तौर पर जुड़ सके.
5 जिलों से होकर गुजरेगी यात्रा
यात्रा मध्य प्रदेश के 5 जिलों से होकर गुजरेगी, जिनमें सागर, पन्ना, टीकमगढ़, दमोह और छतरपुर शामिल हैं. लगभग 500 किलोमीटर की इस यात्रा को मात्र 5 दिन में पूरा करने का तय किया गया है. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बताया है कि इस पांच दिवसीय रथ यात्रा के दौरान कुल 4 जगहों पर रात्रि विश्राम किया जाएगा. इन स्थानों पर हनुमान चालीसा का पाठ, हवन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- Chitrakoot: शारदा देवी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो झूरी नदी में गिरी, 2 की मौत, 4 लोग घायल
