Shivpuri News: हरियाणा से मध्य प्रदेश पहुंचे एक परिवार के साथ कथित तौर पर बड़ी ठगी और लूट का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी की पूरी रस्में होने के बाद दुल्हन के परिजनों ने रास्ते में उन्हें रोक लिया, लाखों रुपये और कीमती सामान छीन लिए और नवविवाहिता को भी अपने साथ वापस ले गए. पूरा मामला शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र का है.
गुरुग्राम जिले के सोहना क्षेत्र के घेगोंला गांव निवासी प्रीति फोगाट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई योगेंद्र कुमार जाखड़ की शादी नहीं हो पा रही थी. इसी दौरान उत्तर प्रदेश के महरानीपुर क्षेत्र के रहने वाले काशीराम अहिरवार और शैलेंद्र अहिरवार ने उनके परिवार से संपर्क किया और शादी कराने का भरोसा दिलाया.
उनकी बातों पर विश्वास करते हुए परिवार 13 जुलाई को हरियाणा से कार से रवाना होकर पहले बबीना पहुंचा, जहां से दोनों आरोपी उन्हें शिवपुरी के पिछोर इलाके में ले गए.
नयागांव में हुए फेरे
शिकायत के अनुसार, नयागांव चौराहे के पास एक गांव में युवती के साथ योगेंद्र के सात फेरे कराए गए. शादी पूरी होने के बाद परिवार दुल्हन को लेकर हरियाणा लौट रहा था. आरोप है कि रात करीब साढ़े नौ बजे कुछ लोगों ने उनकी कार को रास्ते में रोक लिया. इनमें दुल्हन के परिजन भी शामिल थे.
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने पहले पैसों की मांग की और विरोध करने पर जबरन 2.25 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और ड्राइवर का मोबाइल फोन छीन लिया. इसके बाद नवविवाहिता को भी अपने साथ ले गए. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी कार को नुकसान पहुंचाया.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की शिकायत मिलने के बाद पिछोर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. एसडीओपी प्रशांत शर्मा का कहना है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें:ममता बनर्जी को फिर लगा बड़ा झटका! मदन मित्रा ने थामा बागी गुट का दामन
