उज्जैन: ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद नागदा रेलवे स्टेशन पहुंचते ही हिंसक हो गया. शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो युवक घुस आए और इंदौर निवासी एक युवक तथा उसके साथ मौजूद महिला से मारपीट करने लगे. इसी दौरान युवक के सिर पर चाकू से वार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
उज्जैन होते हुए नागदा पहुंची थी ट्रेन
जानकारी के अनुसार जयपुर एक्सप्रेस इंदौर से रवाना होकर उज्जैन होते हुए नागदा पहुंची थी. जनरल कोच में सीट पर बैठने को लेकर युवक और नागदा की महिला के बीच कहासुनी हुई थी. विवाद बढ़ने पर महिला ने कथित तौर पर फोन कर दो युवकों को नागदा स्टेशन बुलाया.
प्लेटफार्म नंबर-2 की घटना
ट्रेन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर पहुंचते ही दोनों युवक कोच में चढ़ गए और मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि एक युवक ने चाकू से इंदौर निवासी युवक के सिर पर हमला कर दिया. अचानक हुई चाकूबाजी से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ यात्रियों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने का प्रयास किया.
आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर नहीं पहुंचे
घटना के बाद यात्रियों ने 112 नंबर पर सूचना देने की बात कही. आरोप है कि सूचना के बावजूद करीब 30 मिनट तक आरपीएफ और जीआरपी के जवान मौके पर नहीं पहुंचे. हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. घटना ने नागदा रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें:युवाओं के भरोसे आगे बढ़ेगी BJP, PM मोदी ने देर रात ‘नवीन’ टीम से मुलाकात कर सौंपा बड़ा टास्क
