7 करोड़ के सोने-हीरे से सजे इंदौर के खजराना गणेश, देखें अद्भुत रूप
शिवेंद्र कुशवाहा
खजराना गणेश मंदिर
मंदिर के मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट के अनुसार, गणेश चतुर्थी के एक दिन पहले भगवान खजराना गणेश का पूजन कर उनका शृंगार किया गया है. मंदिर के पुजारी ने बताया कि भगवान खजराना और उनके पूरे परिवार को लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत के आभूषणों से सजाया गया है.खजराना गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट की देखरेख में भगवान का पंचामृत अभिषेक और विशेष पूजा-अनुष्ठान संपन्न हुआ. इस अवसर पर भगवान गणेश, रिद्धि-सिद्धि और शुभ-लाभ को सोने का मुकुट, स्वर्ण छत्र, चंद्रिका और सुबह के समय विशेष रूप से हीरे जड़े नए आंखें पहनाकर बप्पा का भव्य श्रृंगार किया गया.गणेशोत्सव के खास मौके पर सुबह 10 बजे भक्त मंडल की ओर से खजराना गणेश को सवा लाख मोदकों का भव्य भोग लगाया जाएगा. उत्सव के सभी 12 दिनों तक बप्पा को हर रोज अलग-अलग तरह के स्वादिष्ट लड्डुओं और मोदकों का प्रसाद चढ़ाया जाएगा और पूरा मंदिर रंग-बिरंगी रोशनी व फूलों से महकेगा. भीड़ को कंट्रोल करने और दर्शन के लिए मंदिर प्रबंधन ने मुख्य द्वार को चौड़ा करके सीढ़ियां और जिगजैग रेलिंग लगाई है, जिससे भक्त अब मात्र 15 से 20 मिनट में दर्शन कर सकेंगे. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ मंदिर समिति के लगभग 200 निजी गार्डों को तैनात किया गया है.