न्यूजीलैंड में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले 5 भारतीय, लिस्ट में हेड कोच गौतम गंभीर भी शामिल
Kamakhya Reley
न्यूजीलैंड में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
न्यूजीलैंड में भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर टॉप पर है. उन्होंने न्यूजीलैंड में खेले गए 11 टेस्ट मैचों की 18 पारियों में 842 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कोच राहुल द्रविड़ हैं. द्रविड़ ने अपने टेस्ट करियर में न्यूजीलैंड की धरती पर कुल 7 टेस्ट मैच खेले हैं जिसकी 14 पारियों में उन्होंने 766 रन बनाए. इस दौरान द्रविड़ के बल्ले से 2 शतक और 5 अर्धशतक निकले. न्यूजीलैंड की धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन तीसरे नंबर पर हैं. अजहरुद्दीन ने न्यूजीलैंड में खेले कुल 6 टेस्ट मैचों की 8 पारियों में 521 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 1 अर्धशतक शामिल रहा. टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच और पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं. गंभीर ने न्यूजीलैंड की धरती पर कुल 3 रेसर मैच खेले हैं, जिसकी 6 पारियों में उनके बल्ले से 445 रन निकले हैं. वह न्यूजीलैंड में 2 शतक और 1 अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे. टीम इंडिया के पूर्व स्टार ओपनर सुनील गावस्कर न्यूजीलैंड में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं. उन्होंने न्यूजीलैंड में 6 टेस्ट मैच खेले जिसकी 10 पारियों में उन्होंने 392 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल रहे.