10 लाख रुपए में लॉन्च हुई Skoda की नई Slavia फेसलिफ्ट, हैं कई खास फीचर्स
प्रतीक चौहान
प्रीमियम मिडसाइज सेडान सेगमेंट में एक नया माइलस्टोन सेट करते हुए स्कोडा ऑटो इंडिया ने आखिरकार अपनी नई स्लाविया फेसलिफ्ट भारतीय बाजार में लॉन्च कर दी है. 2026 स्कोडा स्लाविया मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये तय की है. स्थानीय रूप से तैयार किए गए MQB-A0-IN प्लैटफॉर्म पर बेस्ड यह नई सेडान आकर्षक कॉस्मेटिक बदलावों, सेगमेंट-फर्स्ट रियर सीट मसाज फंक्शन और 1.0-लीटर इंजन के साथ एक नए 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स जैसी खूबियों से लैस है. इसे क्लासिक, क्लासिक+, सिग्नेचर, स्पोर्टलाइन, प्रेस्टीज और मोंटे कार्लो जैसे कुल 6 अलग-अलग वेरिएंट्स में पेश किया गया है. स्कोडा के इस नए पैकेज से ग्राहकों को परफॉर्मेंस, कंफर्ट और अत्याधुनिक तकनीक का बेहतरीन कॉम्बो मिलेगा. नई स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट के एक्सटीरियर लुक को और ज्यादा शानदार बनाया गया है. इसमें नए एलईडी हेडलैंप, सीक्वेंशियल रियर टर्न इंडिकेटर्स के साथ एलईडी टेललैंप्स, नई ग्रिल और अपडेटेड अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. इसके अलावा 2016 स्कोडा स्लाविया मोंटे कार्लो वेरिएंट में स्पोर्टी रेड स्ट्राइप्स और ब्लैक-आउट एलिमेंट्स मिलते हैं. कलर ऑप्शंस की बात करें तो नई स्लाविया में कैन्डी वाइट, कार्बन स्टील, ब्रिलियंट सिल्वर, अलावा ब्लू, डीप ब्लैक, चेरी रेड, शिमला ग्रीन, स्टील ग्रे के साथ-साथ दो नए कलर आर्कटिक सिल्वर और कप्पूपचिनो बेज भी शामिल किए गए हैं. नई स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट केबिन के अंदर इस बार लग्जरी और मॉडर्न टेक्नॉलजी पर खास ध्यान दिया गया है. इसमें सेगमेंट-फर्स्ट रियर सीट मसाज फंक्शन, 360-डिग्री कैमरा और पार्क पायलट जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसके अलावा गूगल क्लाउड के एआई एजेंट (जेमिनाई) द्वारा ऑपरेट अडवांस वॉइस असिस्टेंट सपोर्ट वाला 10.25 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और बड़ा डिजिटल कॉकपिट ड्राइविंग एक्सपीरियंस को बेहद स्मार्ट बनाता है. नई स्लाविया फेसलिफ्ट में 6 एयरबैग, ईबीडी के साथ एबीएस, ट्रैक्शन कंट्रोल और इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी प्रोग्राम को स्टैंडर्ड फीचर्स के तौर पर दिया गया है.