Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शुमार रोहित शर्मा का 19 साल लंबा इंटरनेशनल करियर अब अपने आखिरी पड़ाव पर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले जाने वाला तीसरा और आखिरी वनडे मैच हिटमैन के इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच साबित हो सकता है.रोहित का करियर उपलब्धियों से भरा रहा. साल 2007 में डेब्यू करने वाले रोहित ने एक युवा बल्लेबाज के रूप में शुरुआत की और आगे चलकर टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद ओपनर और विश्व विजेता कप्तान बने.
रोहित ने अपने करियर में जीते 4 ICC खिताब
रोहित शर्मा ने साल 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता. इसके बाद वह 2013 में इंग्लैंड की मेजबानी में खेली गई आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहे. बतौर खिलाड़ी 2 आईसीसी ट्रॉफी जीतने के बाद उन्होंने कप्तान के रूप में भी इतिहास रचा. 2024 में रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर 11 साल का आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म किया था. इसके अलावा 2025 में भारत ने रोहित शर्मा की ही कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की.
रोहित शर्मा इंटरनेशनल करियर
भारतीय स्टार ओपनर रोहित शर्मा की बल्लेबाजी की बात करें तो तीनों फॉर्मैट में मिलाकर उनके नाम 20 हजार से ज्यादा इंटरनेशनल रन दर्ज है.हिटमैन ने टेस्ट क्रिकेट के 67 मैचों की 116 पारियों में 40.58 के औसत से 4301 रन बनाए हैं, जिसमें 18 अर्धशतक और 12 शतक शामिल हैं. वनडे के 287 मैचों की 279 पारियों में उन्होंने 11757 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 62 अर्धशतक और 33 शतक निकले हैं.
वहीं, 159 टी20 मैचों की 151 पारियों में रोहित ने 4231 रन बनाए हैं, जिसमें 32 अर्धशतक और 5 शतक शामिल हैं. रोहित टी20 और टेस्ट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं. वह अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं, लेकिन अब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वह जल्द ही वनडे क्रिकेट से भी संन्यास ले सकते हैं.
रोहित शर्मा के नाम अटूट रिकॉर्ड दर्ज
39 वर्षीय भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का दबदबा वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा देखने को मिला है. वनडे क्रिकेट में उनके नाम कई ऐतिहासिक और अटूट रिकॉर्ड दर्ज हैं. रोहित दुनिया के एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने वनडे में तीन बार दोहरा शतक जड़ा है. इसके अलावा वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर 264 रन हिटमैन के नाम ही दर्ज हैं, जो उन्होंने 2014 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था.
वहीं, 2019 वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने एक ही संस्करण में 5 शतक जड़कर नया कीर्तिमान रचा था.इसके अलावा वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी रोहित के नाम दर्ज हैं, इस फॉर्मैट में उन्होंने अब तक 364 छक्के जड़े हैं.
