Vistaar NEWS

अभिषेक शर्मा ने पाक गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां, 42 गेंदों में कूट दिए 70 रन

ABHISHEK

अभिषेक शर्मा

Abhishek Sharma: एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के आठवें मुकाबले में पाकिस्तान ए ने इंडिया ए को 48 रन से हरा दिया है. हालांकि, मुकाबले में भारतीय स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और पाक गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. टीम इंडिया की ओर से ओपनिंग करने उतरे अभिषेक शर्मा इस मैच में 42 गेंदों में 70 रन बनाकर आउट हुए. उन्होनें अपनी पारी के दौरान मैदान के चारों तरफ खूबसूरत शॉट लगाए.

अभिषेक ने एक ओवर में बटोरे 24 रन

दरअसल, दोहा में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींच लिया है. पाकिस्तान द्वारा दिए गए 314 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए. वैभव इस मैच में 13 गेंदों में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद आयुष बडोनी बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए.

हालांकि, दूसरे छोर से अभिषेक ने मोर्चा संभाले रखा और अपनी पारी को आगे बढ़ाया. अभिषेक ने 42 गेंदों में 70 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. इस दौरान उन्होंने 31 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. इस मैच में अभिषेक ने पाक गेंदबाज मोहम्मद इमरान रंधावा एक ही ओवर में 24 रन बटोर कर उनकी हालत खराब कर दी.

जल्दी रन बटोरने के चक्कर में गंवाया विकेट

मुकाबले में अभिषेक जबरदस्त लय में नजर आ रहे थे. हालांकि दूसरे छोर से उन्हें किसी अन्य बल्लेबाज का ज्यादा साथ नहीं मिला. क्रीज पर टिकने के बाद जल्दी रन बनाने के चक्कर में वह अपना विकेट गंवा बैठे और हसन नवाज की गेंद पर आउट हो गए. पहले मैच में सस्ते में आउट होने वाले अभिषेक ने दूसरे मैच में अर्धशतक जड़कर जोरदार वापसी की.

नेपाल के खिलाफ नहीं चला था बल्ला

एसीसी एशिया कप 2026 में भारत ने अपना पहला मैच नेपाल के खिलाफ खेला था. इस मैच में टीम इंडिया ने कप्तान तिलक बर्मा और कुमार कुशाग्र की शतकीय पारी के दम पर 306 रनों से जीत दर्ज की थी. उस मैच में अभिषेक महज 9 रन बनाकर आउट हो गए थे.

Exit mobile version