Vistaar NEWS

Asian Games 2026: 11 साल के युकी कुरिहारा ने रचा इतिहास, जापान के लिए इस इवेंट में जीता गोल्ड

Yuki Kurihara

युकी कुरिहारा

Yuki Kurihara: एशियन गेम्स 2026 में जापान के युकी कुरिहारा ने महज 11 साल की उम्र में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है. युकी ने ई-स्पोर्ट्स के पुयो-पुयो चैंपियंस के फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. फाइनल में जापान के इस खिलाड़ी ने साउथ कोरिया के कांग डोंगशिन को 10-2 से हराया. खास बात यह है कि युकी भारत के स्टार सलामी बल्लेबाज बेबी बॉस के नाम से मशहूर वैभव सूर्यवंशी से भी छोटे हैं.

फाइनल में युकी कुरिहारा का शानदार प्रदर्शन

ई-स्पोर्ट्स के पुयो-पुयो चैंपियंस इवेंट के फाइनल मुकाबले में 11 वर्षीय जापान के युकी कुरिहारा ने शानदार प्रदर्शन किया और साउथ कोरिया के कांग डोंगशिन को 10-2 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इससे पहले युकी ने सेमीफाइनल मुकाबले में थाईलैंड के 28 वर्षीय तनारक वोंगकितिकुन को 10-1 से हराया था.

यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: क्वार्टर फाइनल में टीम इंडिया की किससे होगी भिड़त? इस दिन खेला जाएगा मैच

बचपन से ही गेमिंग का शौक

जापान के एलीमेंट्री स्कूल स्टूडेंट युकी कुरिहारा को ईल खाना पसंद है. वह किंडरगार्टन के समय से ही इस खेल में रुचि रखते थे. जापानी मीडिया के मुताबिक, युकी रोज करीब 8 घंटे ट्रेनिंग करते हैं. इसके साथ ही वह स्कूल की पढ़ाई पर भी फोकस कर रहे हैं. एशियन गेम्स 2026 में उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है. वह एशियन गेम्स के इतिहास में सबसे कम उम्र में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी माने जा रहे हैं.

गोल्ड पाकर क्या बोले युकी?

एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने के बाद युकी ने बेहद ही मासूमियत से अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने गोल्ड मेडल देखकर कहा बहुत सुंदर, चमकदार और भारी है. इसी के साथ उन्हें गोल्डन कलर का प्लश टॉय भी मिला जो उन्हें बेहद पसंद आया. बता दें, एशियन गेम्स में ई-स्पोर्ट्स की शुरुआत तीन साल पहले चीन के हांगझोऊ में हुई थी.

Exit mobile version