Vistaar NEWS

Asian Games 2026: क्रिकेट से लेकर गोल्फ तक…भारत के खाते में कितने मेडल? जानें किस एथलीट ने किस इवेंट में जीता पदक

Asian Games 2026

एशियन गेम्स 2026

India Win’s Medal: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपने अभियान का अंत शानदार अंदाज में कर लिया है. भारत ने इन गेम्स में कुल 85 पदक जीते हैं, जिसमें 21 गोल्ड 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज शामिल हैं. इसी के साथ भारत मेडल टेबल में चौथे स्थान पर है. एशियन गेम्स के इतिहास में यह भारत का दूसरा बेस्ट प्रदर्शन रहा. इससे पहले 2023 में हांगझोउ में आयोजित एशियन गेम्स 2022 में भारत ने रिकॉर्ड 106 पदक जीते थे.

क्रिकेट- कबड्डी में दिखाया दम

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने क्रिकेट के मैदान पर अपना दबदबा कायम रखा है. मेंस क्रिकेट टीम ने फाइनल में पाकिस्तान को 19 रनों से हरकार लगातार दूसरी बार गोल्ड पर कब्जा किया. वहीं, विमेंस क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल मैच में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल डिफेंड किया. वहीं, कबड्डी के मैट पर भी भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन दिखाया. मेंस और विमेंस दोनों टीमों ने अपने-अपने कैटेगरी में गोल्ड मेडल डिफेंड किया है.

यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में भारतीय रेसलर्स का जलवा, अमन सेहरावत ने दिलाया गोल्ड, अंतिम ने जीता सिल्वर

आर्चरी में खोला पंजा

एशियन गेम्स के मौजूदा सीजन में तीरंदाजी भारत के लिए सबसे सफल खेलों में से एक रहा. तीरंदाजी में भारत के खाते में 5 गोल्ड मेडल आए. 17 साल की कुमकुम अनिल मोहोड ने विमेंस इंडिविजुअल रिकर्व इवेंट में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. वह एशियन गेम्स में इस में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं हैं. इसके अलावा कुमकुम ने अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ मिलकर विमेंस रिकर्व टीम इवेंट में भी गोल्ड जीता.

गोल्फ में प्रणवी ने रचा इतिहास

गोल्फ की बात करें तो प्रणवी शरथ उर्स ने भारत के लिए 15-अंडर 265 के स्कोर के साथ गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है. प्रणवी एशियन गेम्स के इतिहास में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गई हैं. इसके अलावा विमेंस टीम स्पर्धा में प्रणवी , अदिति अशोक और दीक्षा डागर की तिकड़ी ने सिल्वर मेडल जीता.

निशानेबाजी में 15 और एथलेटिक्स में जीते 24 पदक

निशानेबाजी में भारत ने 15 पदक जीते. नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता, जबकि कमलजीत और सुरुचि सिंह ने मिक्स्ड टीम 10 मीटर एयर पिस्टल में गोल्ड पर कब्जा किया. एथलेटिक्स की बात करें तो भारत ने इसमें सबसे ज्यादा 24 मेडल जीते हैं. विथ्या रामराज ने विमेंस 400 मीटर हर्डल्स में ब्रॉन्ज जीता. मेंस जैवलिन थ्रो में यशवीर सिंह ने सिल्वर और रोहित यादव ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

सावन बरवाल ने 1982 के बाद मैराथन में भारत को पहला मेडल दिलवाया. बरानिका एलंगोवन ने पोल वॉल्ट में मेडल जीता. कुश्ती में अमन सहरावत ने गोल्ड जीता. सुजीत कलकल ने भी गोल्ड पर कब्जा किया, जबकि अंतिम पंघल ने सिल्वर और दीपक पूनीय ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन ने गोल्ड जीता. वहीं, परवीन हुड्डा और अंकुश पंघल ने भी गोल्ड पर कब्जा किया.

हॉकी में डबल धमाका

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मेंस और विमेंस टीम दोनों ने गोल्ड पर कब्जा किया. हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल में मलेशिया को 5-1 से हराया.जबकि विमेंस टीम ने फाइनल में चीन को 1-0 से हरकार 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड पर कब्जा किया.

Exit mobile version