Vistaar NEWS

AUS vs BAN: मिचेल स्टार्क के सामने बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने टेके घुटने, 64 रन पर ऑलआउट होकर बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड

AUS vs BAN

ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश

AUS vs BAN: बांग्लादेश की टीम इन दिनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला मकाय के ग्रेट बैरियर रीफ़ एरीना में खेला जा रहा है. इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने घातक गेंदबाजी कर बांग्लादेश की पूरी टीम को तहस-नहस कर दिया है. दूसरे टेस्ट की पहली पारी में बांग्लादेश की पूरी टीम महज 64 रनों पर ऑलआउट हो गई है. ऑस्ट्रेलिया के लिए इस पारी में स्टार्क ने सबसे ज्यादा विकेट लिए. उन्होंने 6 बल्लेबाजों को आउट किया.

64 पर ऑलआउट हुई बांग्लादेश की टीम

मकाय में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. मुकाबले की पहली ही गेंद पर स्टार्क ने शादमान इस्लाम का विकेट चटकाया. इसके बाद बांग्लादेश के लगातार विकेट गिरते चले गए और पूरी टीम महज 64 रनों पर सिमट गई. 12 रनों के स्कोर तक बांग्लादेश की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. इस दौरान बांग्लादेश के चार बल्लेबाज तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे.

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश ने 9 विकेट से जीता डार्विन टेस्ट, ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में रौंदा

बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड

64 रनों के स्कोर पर ऑलआउट होने के साथ बांग्लादेश ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह इस साल अब तक खेले गए टेस्ट मैचों की किसी पारी में सबसे कम स्कोर बनाने वाली टीम बन गई है. इसी के साथ वह 100 से कम स्कोर में ऑलआउट होने वाली पहली टीम बन गई है. इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के नाम दर्ज था, जो जून में वेस्टइंडीज के खिलाफ 101 रनों पर ही सिमट गई थी.

स्टार्क ने रचा इतिहास

बांग्लादेश के खिलाफ पहली पारी में 6 विकेट लेने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने इतिहास रच दिया है. टेस्ट क्रिकेट में अब उनके 441 विकेट हो गए हैं और उन्होंने डेल स्टेन के 439 टेस्ट विकेट चटकाने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. इसके अलावा वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में भारतीय दिग्गज पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन से भी आगे निकल गए हैं. अश्विन के नाम 765 विकेट दर्ज हैं, जबकि स्टार्क ने 767 विकेट ले लिए हैं.

Exit mobile version