Vistaar NEWS

BCCI Central Contract: रोहित-कोहली का डिमोशन, ईशान और शमी बाहर… बीसीसीआई ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का किया ऐलान

bcci central contract

रोहित शर्मा और विराट कोहली

BCCI Central Contract: बीसीसीआई ने 2025-2026 सत्र के लिए अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है. इस कॉन्ट्रैक्ट की सबसे बड़ी बात ये है कि अब इसमें केवल तीन कैटेगरी होंगी. बीसीसीआई ने इस बदलाव के बाद A+ ग्रेड को खत्म कर दिया है. इसके बाद अब A ग्रेड ही टॉप कैटेगरी है.

A ग्रेड में केवल तीन खिलाड़ी

टेस्ट टीम और एकदिवसीय टीम के कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर रवींद्र जाडेजा के रूप में तीन खिलाड़ी ही A ग्रेड में शामिल हैं. सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में गिल का प्रमोशन हुआ है, जबकि बुमराह और जाडेजा ने अपनी टॉप पोजिशन बरकरार रखी है. वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा को डिमोट करके बी कैटेगरी में शामिल कर लिया गया है.

कोहली-रोहित का डिमोशन

विराट कोहली और रोहित शर्मा पहले A+ में थे, लेकिन टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद दोनों खिलाड़ी केवल एकदिवसीय में ही खेलते हैं. ऐसे में इन दोनों खिलाड़ियों को बी ग्रेड में शामिल किया गया है. टी20 के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी इसी कैटेगरी में हैं.

बी ग्रेड में शामिल खिलाड़ी

कोहली-रोहित और सूर्या के अलावा, बी ग्रेड में श्रेयस अय्यर, यशस्वी जायसवाल, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद सिराज, केएल राहुल और वाशिंगटन सुंदर हैं. इस तरह 11 खिलाड़ी बी ग्रेड का हिस्सा हैं. अय्यर की जहां बी ग्रेड में वापसी हुई है तो वहीं, सुंदर सी से प्रमोट होकर बी ग्रेड में शामिल किए गए हैं.

ये भी पढ़ें: चोटिल हर्षित राणा OUT, सिराज की सरप्राइज एंट्री… टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में हुआ बड़ा बदलाव

सी ग्रेड में कौन-कौन से खिलाड़ी?

इस ग्रेड में ऋुतुराज गायकवाद, रवि बिश्नोई, साई सुदर्शन, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, ध्रुव जुरेल, आकाशदीप, प्रसिध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा और अक्षर पटेल का नाम शामिल है. यानी इस ग्रेड में 16 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है.

ईशान किशन को जगह नहीं

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने वाले ईशान किशन इस कॉन्ट्रैक्ट से बाहर हैं. ईशान के नाम को लेकर ज्यादा हैरानी हो रही है क्योंकि उन्होंने न केवल टीम में वापसी की थी, बल्कि न्यूजीलैंड के साथ सीरीज में अपनी दमदार बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया था. इसके बाद उन्हें संजू की जगह टी20 वर्ल्ड कप में अभिषेक शर्मा के साथ ओपन करने की जिम्मेदारी भी दी गई है. ईशान पिछले सीजन में टीम का हिस्सा नहीं थे, जो इस सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल न किए जाने की बड़ी वजह मानी जा रही है. ऐसे में हो सकता है कि अगले सत्र में उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह मिल जाए.

शमी-सरफराज समेत 4 खिलाड़ी बाहर

साथ ही, चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से ही कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले मोहम्मद शमी को भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बीसीसीआई ने बाहर रखा है. बीसीसीआई के इस फैसले के बाद शमी के करियर पर भी अब सवाल उठने लगे हैं. इसके अलावा, रजत पाटीदार, मुकेश कुमार और सरफराज खान भी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह नहीं बना पाए हैं. इन खिलाड़ियों ने लंबे समय से टीम इंडिया के लिए मुकाबले नहीं खेले हैं.

Exit mobile version