T20 World Cup 2026: आईसीसी T20 World Cup 2026 का रोमांच अब चरम पर पहुंच चुका है और टूर्नामेंट से पहले सभी टीमों के वार्म अप मैच शुरू हो गए हैं. बीते दिन बुधवार को खेले गए अभ्यास मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 30 रन से हराकर अपने इरादे साफ कर दिए है. इसी बीच पाकिस्तान क्रिकेट टीम से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जहां पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच होने वाला वार्म अप मैच रद्द हो गया है.
रद्द हुआ पाकिस्तान का वार्म अप मैच
दरअसल, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के तहत बुधवार को पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच वार्म अप मैच खेला जाना था. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट ग्राउन्ड में आयोजित होने वाला था. लेकिन यह मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया. इस फैसले के बाद पाकिस्तान की तैयारियों को झटका लग सकता है.
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप में क्या है टीम इंडिया का शेड्यूल? जानिए कहां और किससे होंगे मुकाबले
क्यों रद्द हुआ मैच?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच होने वाला अभ्यास मैच बारिश की भेंट चढ़ गया है. इसके चलते एक भी गेंद फेंके बिना यह मैच रद्द कर दिया गया है. इस मैच के रद्द होने के साथ ही पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं, क्योंकि इसी मैदान पर पाकिस्तान को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का अपना पहला मुकाबला खेलना है और उस दिन भी कोलंबो में बारिश की आशंका जताई जा रही है.
भारत के खिलाफ खेलने से किया इनकार
आपको बता दें, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए बड़ा फैसला लिया है. सरकार का कहना है कि उनकी टीम इस मेगा ईवेंट में हिस्सा तो लेगी लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगी. पाक सरकार के इस फैसले के बाद ऐसा माना जा रहा है कि आईसीसी पिसीबी पर बड़ा एक्शन ले सकती है.
