Raja Muthupandi: कॉमवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय वेटलिफ्टर राजा मुथुपंडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 65kg कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया है. ग्लासगो में आयोजित इस मुकाबले में मुथुपंडी ने 286kg वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया. इस पदक के साथ भारत की पदक तालिका में एक और मेडल जुड़ गया है. कॉमवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की झोली में अब तक कुल 4 मेडल आ गए हैं.
CWG 2026 में भारतीय वेटलिफ्टरों का जलवा
कॉमवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय वेटलिफ्टरों का जलवा देखने को मिल रहा है. सबसे पहले ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों की 60kg कैटेगरी में कुल 264kg वजन उठाकर भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता. इसके बाद ओलंपिक मेडलिस्ट मीराबाई चानू ने महिलाओं की 48kg कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड जीता. गोल्ड जीतने के साथ ही मीराबाई चानू ने कॉमवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल की हैट्रिक लगाकर इतिहास रच दिया है. इसके अलावा अब राजा मुथुपंडी ने 65kg कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता.
Raja Muthupandi won the silver medal in the Men’s 65 kg event securing our 4th medal at @glasgow_2026.#WeAreTeamIndia | #Cheer4Bharat pic.twitter.com/snsl4ya79S
— Rathore (@Rathod_Anil23) July 27, 2026
यह भी पढ़ें: CWG 2026: कब, कहां और कितने बजे देखें भारत के ‘गोल्डन बॉय’ नीरज चोपड़ा का मैच, ये है पूरा शेड्यूल
दूसरे प्रयास में जीता सिल्वर
पुरुषों के 65kg कैटेगरी में उतरे राजा मुथुपंडी की शुरुआत खराब रही. स्नैच में अपने पहले प्रयास में चूकने के बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने 126kg वजन उठाया, जो इस राउंड में बेस्ट रहा और वह दूसरे स्थान पर रहे. इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड में राजा 158kg वजन उठाने की पहली कोशिश में फेल रहे. हालांकि दूसरे प्रयास के लिए उन्होंने वजन बढ़ाकर 160kg कर लिया और आसानी से इसे उठा लिया. इसके बाद तीसरे प्रयास में उन्होंने 170kg वजन उठाना चाहा, लेकिन वह सफल नहीं रहे. स्नैच में 126kg और क्लीन एंड जर्क में 160kg यानि कुल 286kg वजन उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया.
संघर्षों भरा रहा करियर
भारतीय वेटलिफ्टर राजा मुथुपंडी का खेल करियर काफी संघर्षों भरा रहा. साल 2019 में वह चोटिल हो गए थे. उनकी दाहिनी कोहनी का लिगामेंट टूट गया था. इस चोट के कारण उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रहना पड़ा. इसके बाद उन्होंने 2021 में वापसी की और 2022 के गेम्स के लिए खुद को तैयार करने लगे. साल 2025 में अहमदाबाद में आयोजित कॉमवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. इसके बाद साल 2026 में उन्होंने 302kg का कुल वजन उठाकर नेशनल रिकॉर्ड बनाया था.
