Vistaar NEWS

भारत की ‘दीवार’ बने ध्रुव जुरेल, डटकर किया न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का सामना, बनाए शानदार 88 रन

Dhruv Jurel

ध्रुव जुरेल

Dhruv Jurel: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी के दौरान विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा. टीम इंडिया ने 117 रन के स्कोर पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे और उसपर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा था, तब इस मुश्किल समय में जुरेल टीम के संकटमोचन बने और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया. इस दौरान वह चोटिल भी हुए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी पारी को जारी रखा. पहली पारी में जुरेल ने 88 रन की पारी खेली, जिसमें 14 चौके शामिल रहे.

चट्टान की तरह डटे रहे ध्रुव जुरेल

न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए थे. इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. दूसरे दिन स्टंप्स तक भारत ने 116 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे और तीसरे दिन की शुरुआत में ही 117 के स्कोर पर टीम इंडिया ने अपना 7वां विकेट भी खो दिया. ऐसे में टीम पर फॉलोऑन का खतरा मंडराने लगा था. इस कठिन समय में जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली और एक छोर पर दीवार बने डटे रहे. उन्होंने आकाशदीप के साथ मिलकर पारी को संभाला और टीम पर मंडरा रहे फॉलोऑन के खतरे को ताल दिया.

चोट के बावजूद नहीं रुका बल्ला

ध्रुव जुरेल ने आकाशदीप के साथ मिलकर 8वें विकेट के लिए 46 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. हालांकि, इसी दौरान उन्हें चोट लग गई. नाथन स्मिथ की गेंद पर उनकी दाएं हाथ की उंगली में चोट लग गई, जिसके चलते वह दर्द से कराहते दिखे. चोट के बाद मेडिकल टीम ने उनकी उंगली पर स्प्रे किया, जिससे उन्हें दर्द में थोड़ी राहत मिली. इसके बाद उन्होंने अपनी बल्लेबाजी जारी रखी.

जुरेल ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 170 गेंदों का सामना करते हुए 88 रन बनाए. उनकी इस पारी में 14 चौके शामिल रहे. SENA देशों में यह जुरेल का पहला अर्धशतक रहा.

ध्रुव जुरेल टेस्ट करियर

25 वर्षीय भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने कई मौकों पर मुश्किल परिस्थितियों में अपनी जुझारू पारियों से टेस्ट टीम में अपनी खास पहचान बनाई.जुरेल ने भारत के लिए अब तक कुल 14 टेस्ट मैच खेले, जिसकी 21 पारियों में उन्होंने 817 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 4 अर्धशतक और 2 शतक निकले हैं.

Exit mobile version