Vistaar NEWS

लगातार 2 जीत के बाद बढ़ी दिल्ली कैपिटल्स की टेंशन, 3 और मैच मिस करेंगे तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क

Mitchell Starc

मिचेल स्टार्क

Mitchell Starc: भारतीय स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 की शानदार शुरुआत करते हुए लगातार दो जीत दर्ज की है, जिसमें उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस को हराया. लेकिन इस शानदार फॉर्म के बीच टीम के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है, जिसने टीम की चिंता बढ़ा दी है.लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक स्टार्क दिल्ली कैपिटल्स के लिए 3 और मैच मिस कर सकते हैं.

3 और मैच मिस करेंगे स्टार्क?

दरअसल ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क इन दिनों शोल्डर और एल्बो इंजरी से उबर रहे हैं, जिसकी वजह से वह आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स से नहीं जुड़ सके थे. अब उनकी वापसी को लेकर आई नई रिपोर्ट ने टीम की चिंता और बढ़ा दी है. द टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक स्टार्क दिल्ली के लिए कम से कम तीन और मुकाबले मिस कर सकते हैं और 20 अप्रैल से पहले फ्रेंचाइजी से जुड़ पाना उनके लिए मुश्किल है.ऐसे में दिल्ली को अपने अगले तीन अहम मैच बिना स्टार्क के ही खेलने होंगे.

यह भी पढ़ें: क्या राजस्थान के खिलाफ खेलेंगे हार्दिक पंड्या? दोनों टीमों की प्लेइंग 11 में होंगे बड़े बदलाव

किसके खिलाफ हैं दिल्ली के अगले 3 मैच?

दिल्ली को अपने अगले तीन मुकाबले गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ खेलना है. ऐसे में स्टार्क की गैरमौजूदगी दिल्ली पर भारी पड़ सकती है. हालांकि स्टार्क किस तारीख तक दिल्ली कैपिटल्स की टीम से जुड़ेंगे इसे लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है,जिससे डीसी मैनेजमेंट की चिंताएं बनी हुई हैं.

मिचेल स्टार्क आईपीएल करियर

36 वर्षीय मिचेल स्टार्क के आईपीएल करियर की बात करें, तो उन्होंने 2014 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था, जिसके बाद चोटों और टेस्ट क्रिकेट के कारण वह 9 साल तक आईपीएल से दूर रहे. इसके बाद साल 2024 में उन्होंने आईपीएल में वापसी की. इस सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 24.75 करोड़ में खरीदा था, जो उस समय आईपीएल इतिहास का सबसे महंगा सौदा था.

आईपीएल 2024 में स्टार्क ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता को खिताब जितवाने में अहम भूमिका निभाई. आईपीएल 2025 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने इस तेज गेंदबाज को 11.75 करोड़ में खरीदा था. उस सीजन स्टार्क ने दिल्ली के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 मैचों में 14 विकेट लिए थे. स्टार्क ने आईपीएल में अब तक कुल 52 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 65 विकेट लिए हैं.

Exit mobile version