Vistaar NEWS

IND vs WI: तीसरे T20 से पहले बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे गौतम गंभीर, महादेव की शरण में टेका माथा

Gautam Gambhir

गौतम गंभीर

Gautam Gambhir: भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला आज 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाना है. इंदौर में होने वाले इस मुकाबले से ठीक पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे हैं. महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे गंभीर ने भगवान शिव के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया और टीम की जीत की कमाना की.

महाकाल के दर्शन करने पहुंचे गौतम गंभीर

दरअसल वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 मैच से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर उज्जैन पहुंचे. जहां उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. इस दौरान गंभीर के साथ टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक भी मौजूद रहे. बाबा महकाल के दरबार में भारत के दोनों कोचों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और टीम की जीत के लिए प्रार्थना की. बता दें, रांची में खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारत को वेस्टइंडीज के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में टीम इंडिया की नजर तीसरे टी20 मैच में जीत दर्ज कर वापसी करने पर होगी.

यह भी पढ़ें: इंदौर T20 में फेरबदल करेगी टीम इंडिया! क्या तीसरे मैच में भी बेंच पर बैठे रह जाएंगे वैभव सूर्यवंशी?

नंदी हॉल में बैठकर लगाया ध्यान

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने चांदी द्वार से भगवान महाकाल के दर्शन किए. इसके बाद दोनों नंदी हॉल पहुंचे जहां बैठकर दोनों ने भक्ति भाव से ध्यान लगाया. दर्शन के दौरान स्थानीय सांसद अनिल फिरोजिया भी उनके साथ मौजूद थे.

बाबा महाकाल के दर्शन कर क्या बोले गौतम गंभीर

बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि महाकाल के दरबार में आशीर्वाद पाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. इस दौरान गंभीर ने बताया कि उन्होंने देश की सुख-शांति के साथ-साथ टीम इंडिया की निरंतर सफलता के लिए भी भगवान से प्रार्थना की.

Exit mobile version