Vistaar NEWS

IND vs AFG: क्रिकेट के मैदान पर पहली बार हुआ ऐसा, राष्ट्रगान से पहले बजा ‘वंदे मातरम्’, क्या है वजह?

India vs Afganistan

भारत बनाम अफगानिस्तान

IND VS AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया. इस मैच की शुरुआत में ही मैदान पर एक खास और बेहद ही ऐतिहासिक पल देखने को मिला. मुकाबले के शुरू होने से पहले राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ से पहले ‘वंदे मातरम्’बजाया गया. इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार यह नजारा देखने को मिला.

पहली बार हुआ ऐसा

भारत बनाम अफगानिस्तान पहले टी20 मैच से पहले आयोजित समारोह के दौरान जब राष्ट्रगान से पहले ‘वंदे मातरम्’ बजाया गया तो स्टेडियम में मौजूद दर्शकों से लेकर प्रेस बॉक्स में बैठे लोगों तक हर कोई हैरान हो गया. ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि भारत में इससे पहले किसी भी इंटरनेशनल क्रिकेट मैच से पहले वंदे मातरम् नहीं बजाया गया था. टॉस से पहले का पूरा समारोह थोड़ा लंबा चला. मैदान पर पहले ‘वंदे मातरम्’ बजाया गया और इसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ भी हुआ. इस नई व्यवस्था को पहली बार लागू किए जाने के चलते मैच अपने निर्धारित समय से 4 मिनट देरी से शुरू हुआ.

यह भी पढ़ें: IND vs AFG: भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया, अभिषेक शर्मा ने खेली 82 रन की तूफानी पारी

क्यों बजाया गया ‘वंदे मातरम्’?

बता दें, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस साल की शुरुआत में 28 जनवरी को ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर दिशानिर्देश जारी किए थे. जिसमें उन्होंने निर्धारित आधिकारिक अवसरों पर ‘वंदे मातरम्’के पूरे 6 अंतरों वाले संस्करण को गाने का प्रावाधान जारी किया. इसी के साथ कहा गया कि जब राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ दोनों को एक साथ प्रस्तुत किया जाए तो पहले ‘वंदे मातरम्’और उसके बाद ‘जन गण मन’ गया जाएगा.

भारत-अफगानिस्तान के बीच ऐतिहासिक सीरीज

भारत और अफगानिस्तान के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जा रही तीन मैचों टी20 सीरीज दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक सीरीज है. क्योंकि टीम इंडिया पहली बार अपने ही घर पर मेहमान बन कर खेल रही है और इस सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड कर रहा है.

Exit mobile version